वॉशिंगटन स्थित हिल्टन होटल में आयोजित व्हाइट हाउस प्रेस डिनर के दौरान शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक हमलावर ने सुरक्षा जांच को पार करने की कोशिश करते हुए कई राउंड फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और तत्काल सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों को किसी तरह की चोट नहीं आई। अधिकारियों ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित करते हुए हमलावर को काबू में कर लिया।
रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर की पहचान 31 वर्षीय कोल एलेन के रूप में की गई है, जो कैलिफोर्निया के टॉरेंस का निवासी बताया जा रहा है। उसके पास एक शॉटगन, हैंडगन और चाकू जैसे हथियार मौजूद थे। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन यह कहा है कि उसने अकेले ही इस घटना को अंजाम दिया।
और पढ़ें: वाशिंगटन होटल गोलीकांड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कड़ी प्रतिक्रिया, लोकतंत्र में हिंसा को बताया अस्वीकार्य
कुछ रिपोर्ट में उसे कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से जुड़ा बताया गया है, वहीं अन्य के अनुसार वह मैकेनिकल इंजीनियर और कंप्यूटर साइंटिस्ट था। यह भी जानकारी सामने आई है कि वह होटल का ही एक मेहमान था।
घटना के बाद कई अटकलें ईरान से संभावित संबंध को लेकर लगाई गईं, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप ने इस संभावना से इनकार किया। उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार इसका ईरान से कोई संबंध नहीं लगता।
ट्रंप ने घटना का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें हमलावर को सुरक्षा बलों द्वारा काबू में लेते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, लेकिन साथ ही कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता भी जताई।
और पढ़ें: ट्रंप ने पाकिस्तान दौरा रद्द कर ईरान वार्ता पर दिया बयान, बोले—बेमतलब बातचीत का कोई फायदा नहीं