INDIA गठबंधन की रैली में अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी उत्तर प्रदेश की सत्ता से बाहर हो जाएगी। अखिलेश ने कहा कि देश में बदलाव का समय आ गया है और नई पीढ़ी बीजेपी को हर कार्रवाई का जवाब देगी।
उन्होंने 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान हुई हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि जेन-जी हर लाठीचार्ज का बदला लेगी। अखिलेश ने रामलीला मैदान को लोकतंत्र की ‘हल्दीघाटी’ बताते हुए कहा कि यहां नया इतिहास लिखा जाएगा।
और पढ़ें: डबल इंजन सरकार की दोहरी हार, यूपी एमएलसी चुनाव नतीजों पर अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला
मतदाता सूची और चुनाव आयोग पर लगाए आरोप
अखिलेश ने कहा कि देश के लोकतंत्र को कमजोर करने वालों के खिलाफ INDIA गठबंधन और उसके सहयोगी एकजुट हैं। उन्होंने बीजेपी के उस दावे का जिक्र किया, जिसमें उत्तर प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम हटाए जाने की बात कही गई थी। अखिलेश के मुताबिक, 403 विधानसभा सीटों में यह आंकड़ा बांटने पर प्रत्येक सीट पर करीब 31 हजार वोट होते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जनता के बीच चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं है, इसलिए चुनाव आयोग के जरिए रास्ता तलाश रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष हार स्वीकार नहीं करेगा।
अमित शाह के बयान पर पलटवार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘अंगद का पैर’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश ने कहा कि अब बीजेपी के पैरों तले जमीन नहीं बची है। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी का आरोप भी लगाया और कहा कि भगवान राम की संपत्ति चुराने वालों का अंत होगा।
कन्नौज से सांसद अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता स्वागत करना भी जानती है और विदाई देना भी। उनके मुताबिक, 2027 में बीजेपी और उसके सहयोगियों की ऐसी विदाई होगी कि वे दोबारा सत्ता में नहीं लौट पाएंगे। उन्होंने काशी में बीजेपी को ‘डबल जीरो’ मिलने की बात भी कही।
और पढ़ें: यूपी चुनाव: अखिलेश यादव ने चंद्रशेखर आजाद से गठबंधन की संभावना नकारी, बोले- उनके बिना भी जीत रहे हैं