अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। अमेजन प्राइम एयर का कार्गो विमान रनवे से आगे निकलकर कई वाहनों से टकरा गया और इसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दो अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जिनकी हालत अपेक्षाकृत कम गंभीर बताई गई है।
यह विमान प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से मियामी पहुंचा था। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब दो बजे हुआ। विमान के रनवे से बाहर निकलने के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग से आसमान में काला धुआं छा गया और दमकल एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए।
मियामी-डेड काउंटी के अधिकारियों ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मृतकों में विमान में सवार लोग शामिल थे या वे उन वाहनों में मौजूद थे, जिन्हें विमान ने टक्कर मारी। बचाव अभियान के दौरान पायलट और सह-पायलट कॉकपिट में फंसे मिले। एक व्यक्ति वाहन के नीचे भी फंसा था। विमान से ईंधन का रिसाव होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य और चुनौतीपूर्ण हो गया।
और पढ़ें: मोहन भागवत ने याद किया दुनिया का सबसे भीषण हवाई टकराव, 1996 में चरखी दादरी में गई थी 349 लोगों की जान
32 साल पुराने बोइंग 767 से हुआ हादसा
दुर्घटनाग्रस्त विमान बोइंग 767 था, जिसकी उम्र करीब 32 साल थी। विमान को मूल रूप से यात्री विमान के रूप में बनाया गया था, लेकिन वर्ष 2015 में इसे कार्गो विमान में बदल दिया गया। इसका संचालन उत्तरी कैरोलिना स्थित कार्गो कंपनी 21 एयर कर रही थी।
हादसे के कारण मियामी हवाईअड्डे पर उड़ान सेवाएं कई घंटों तक प्रभावित रहीं। फ्लाइटअवेयर के अनुसार, रविवार दोपहर तक करीब 250 उड़ानें विलंबित हुईं।
एनटीएसबी करेगा हादसे की जांच
अमेरिका के राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) ने हादसे की जांच के लिए टीम भेजने की घोषणा की है। जांच टीम की अगुवाई एनटीएसबी की अध्यक्ष जेनिफर होमेंडी करेंगी। जांचकर्ता विमान, रनवे और दुर्घटना से जुड़े अन्य परिस्थितियों की जांच करेंगे।
अमेजन ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगा और मृतकों के परिवारों तथा प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
और पढ़ें: कानपुर में प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, एक पायलट की मौत; दूसरा गंभीर