केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कहा कि यूपी में बीजेपी सरकार ‘अंगद का पैर’ बन चुकी है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने दावा किया कि पार्टी लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाएगी और उसकी सत्ता में वापसी को लेकर कोई संदेह नहीं है।
शाह ने विपक्षी दलों पर राम मंदिर आंदोलन और 1990 में अयोध्या में रामभक्तों पर हुई गोलीबारी को लेकर निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर भी जवाब दिया और संसद में इस मुद्दे पर चर्चा की चुनौती दी।
1990 में रामभक्तों पर गोलीबारी का किया जिक्र
अमित शाह ने 30 अक्टूबर की तारीख का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी दिन 1990 में अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि वह किस आधार पर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने की बात कर रहा है। शाह ने कहा कि एक तरफ रामभक्तों पर गोली चलाई गई, जबकि दूसरी तरफ बीजेपी ने राम मंदिर का निर्माण कराया। उन्होंने दावा किया कि जनता विपक्ष को उसकी तीसरी पीढ़ी तक माफ नहीं करेगी।
और पढ़ें: एमएलसी चुनाव में कांग्रेस की हार पर अमित शाह का तंज, बोले- बैलेट बॉक्स इस्तीफा दो
उन्होंने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का भी जिक्र किया। शाह के मुताबिक, विवादित ढांचा गिराए जाने के समय कल्याण सिंह ने अपनी सरकार की परवाह किए बिना निर्णय लिया था।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने उन्हें पार्टी का असली मालिक बताया और प्रणाम करते हुए ‘राम-राम’ कहा।
‘वोट चोरी’ के आरोपों पर संसद में चर्चा की चुनौती
विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर शाह ने कहा कि चुनाव हारने के बाद अंपायर को जिम्मेदार ठहराने जैसा व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी संसद में चर्चा के लिए तैयार है। जरूरत पड़ने पर विशेष सत्र बुलाया जा सकता है और विपक्ष के हर सवाल का जवाब दिया जाएगा।
कार्यकर्ताओं को दिए पांच संगठनात्मक लक्ष्य
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बीजेपी ने कार्यकर्ताओं को पांच प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपीं। इनमें बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करना, बूथों पर सक्रियता और संवाद बढ़ाना, मंडल तथा जिला स्तर पर नियमित बैठकें और समीक्षा करना, युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों और नए मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाना तथा कार्यकर्ताओं को नियमित प्रशिक्षण देना शामिल है।
पार्टी का उद्देश्य इन गतिविधियों के जरिए उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक नेटवर्क और जनसंपर्क को मजबूत करना है।
और पढ़ें: ऑपरेशन ट्राइडेंट: पूर्वोत्तर में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 18 गिरफ्तार