अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन ने अंतरिक्ष से पृथ्वी का एक बेहद खूबसूरत रात का दृश्य साझा किया है। उनके द्वारा पोस्ट किए गए टाइमलैप्स में पृथ्वी की रोशनी, समुद्र में नावों की चमक, तूफान और आसमान में दिखाई देती मिल्की वे समेत कई तारों और आकाशगंगाओं का नजारा नजर आया।
अनिल मेनन अक्सर अंतरिक्ष से पृथ्वी की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हैं, जिससे लोगों को अंतरिक्ष से दिखने वाली दुनिया की झलक मिलती है। इस बार उन्होंने रात के समय पृथ्वी को देखने के अनुभव को कैमरे में कैद किया।
मेनन ने बताया कि रात में पृथ्वी को देखने पर अलग-अलग रंग बेहद खूबसूरत दिखाई देते हैं। इस दृश्य में समुद्र में स्क्विड पकड़ने वाली नावों से निकलने वाली नीली रोशनी, शहरों की चमकती रोशनी, तूफान और ऊपर उठती मिल्की वे के साथ तारे और आकाशगंगाएं दिखाई दे रही थीं।
और पढ़ें: जर्मनी के स्पेक्ट्रम रॉकेट ने कक्षा में पहुंचकर रचा इतिहास, यूरोप के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि
उन्होंने बताया कि यह दृश्य ड्रैगन अंतरिक्षयान की आगे वाली खिड़की से रिकॉर्ड किया गया। इसके लिए तीन सेकंड के एक्सपोजर वाली तस्वीरें ली गईं और उन्हें जोड़कर टाइमलैप्स तैयार किया गया।
मेनन ने कहा कि यह टाइमलैप्स अंतरिक्षयान की खिड़की से दिखाई देने वाले दृश्य को दिखाता है, हालांकि वास्तविक दृश्य की तुलना में इसे थोड़ा धीमा किया गया है।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने अंतरिक्ष से दिख रहे इस अद्भुत नजारे की जमकर तारीफ की। कई लोगों ने इसे शानदार और असाधारण बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने भविष्य में ऐसे और दृश्य देखने की इच्छा जताई।
और पढ़ें: एशियन गेम्स 2026 में भारत के 10 बड़े गोल्ड मेडल दावेदार, क्रिकेट टीम से मनु भाकर तक