पुणे के पास बारामती में रविवार को एक बार फिर प्रशिक्षण विमान हादसे का शिकार हो गया। बारामती एयरपोर्ट परिसर के पास ट्रेनिंग उड़ान के दौरान लैंडिंग की कोशिश करते समय विमान जमीन पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार ट्रेनी पायलट सुरक्षित बच गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, विमान रविवार दोपहर प्रशिक्षण उड़ान पर था। एयरपोर्ट पर उतरने के प्रयास के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, ट्रेनी पायलट को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मई में भी हुआ था विमान हादसा
बारामती एयरपोर्ट के पास इससे पहले 13 मई 2026 को रेडबर्ड कंपनी का एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। विमान गोजुबाबी गांव की सीमा में गिरा था। क्रैश लैंडिंग के दौरान विमान का एक हिस्सा बिजली के खंभे से टकरा गया था। उस समय भी विमान में केवल एक ट्रेनी पायलट सवार था और वह गंभीर चोट से बच गया था। शुरुआती तौर पर विमान में तकनीकी खराबी की बात सामने आई थी।
और पढ़ें: कुत्तों के हमले से डरी मादा तेंदुआ पेड़ पर चढ़ी, गोंदिया में तीन गांवों में अलर्ट जारी
जनवरी में अजित पवार की हुई थी मौत
बारामती एयरपोर्ट जनवरी 2026 में हुए एक बड़े विमान हादसे के कारण भी चर्चा में रहा था। चार्टर विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। अजित पवार मुंबई से बारामती जा रहे थे।
हादसे में कैप्टन सुमित कपूर, सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव और विमान परिचारिका पिंकी माली की भी मौत हुई थी। विमान दिल्ली स्थित ‘वीएसआर वेंचर्स’ द्वारा संचालित लीयरजेट 46 था।
बारामती एयरपोर्ट के आसपास लगातार सामने आ रही विमान दुर्घटनाओं के बाद अब हवाई सुरक्षा, संचालन व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर यह मांग भी उठ रही है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा की जाए।
और पढ़ें: केंद्र जाने की अटकलों पर बोले देवेंद्र फडणवीस, कहा- मैं महाराष्ट्र में ही रहूंगा