बेंगलुरु के क्रांतिवीर संगोली रायण्णा (केएसआर) बेंगलुरु सिटी रेलवे स्टेशन के यार्ड में रविवार देर रात खड़ी एक ट्रेन की खाली बोगी में अचानक आग लग गई। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय बोगी में कोई यात्री मौजूद नहीं था। हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, रेलवे के एक कर्मचारी ने बोगी से धुआं निकलते देखा और तत्काल फायर एवं आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और इसे आसपास की पटरियों तथा दूसरी बोगियों तक फैलने से रोक लिया गया। रेलवे अधिकारियों और पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आग लगने के कारणों की जांच जारी है और बिजली की खराबी की संभावना भी जांची जा रही है।
मुंबई में मेट्रो स्टेशन के नीचे बस में आग
मुंबई के गोरेगांव में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर मेट्रो स्टेशन के नीचे एक पर्यटक बस में भीषण आग लग गई। तकनीकी खराबी के बाद चालक के बस से उतरते ही आग तेजी से फैल गई और घना धुआं ऊपर मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गया।
और पढ़ें: तमिलनाडु विधानसभा में कानून-व्यवस्था पर हंगामा, सीएम विजय बोले- पुलिस को सत्ता का केंद्र नहीं बनना चाहिए
धुआं भरने के कारण यात्रियों को स्टेशन से नीचे जाने को कहा गया। मुंबई अग्निशमन विभाग, पुलिस, 108 एंबुलेंस और मेट्रो अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। आग बुझने तक इलाके में यातायात प्रभावित रहा। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ग्वालियर में 25 यात्रियों वाली बस में आग
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार रात ग्वालियर से भोपाल जा रही वीडियो कोच बस में आग लग गई। चेतकपुरी इलाके में विवेकानंद तिराहे के पास हुए हादसे के समय बस में करीब 25 यात्री सवार थे।
आग तेजी से फैलने पर यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि उनका सामान जलकर राख हो गया। तीनों घटनाओं में समय रहते राहत एवं बचाव कार्रवाई होने से बड़ी जनहानि टल गई।
और पढ़ें: दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम घोषित, मार्नस लाबुशेन को फिर मिला मौका