रूस के युवा पहलवान बोजिगित इस्लामगेरेएव इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। उन्होंने अंडर-23 यूरोपीय कुश्ती चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबले में ऐसा अनोखा दांव लगाया कि देखते ही देखते वह इंटरनेट सनसनी बन गए।
सेमीफाइनल में इस्लामगेरेएव का मुकाबला पहलवान राखिम मागामादोव से था। मुकाबले के दौरान इस्लामगेरेएव 5-8 से पीछे चल रहे थे। इसी बीच उन्होंने अचानक ऐसा दांव लगाया जिसे कुश्ती की भाषा में ‘फ्लाइंग स्क्विरल’ कहा जाता है।
इस दांव में इस्लामगेरेएव ने अपने प्रतिद्वंद्वी के ऊपर से कलाबाजी खाते हुए छलांग लगाई और पीछे से कमर पकड़कर उन्हें नीचे गिरा दिया। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि मागामादोव को समझ ही नहीं आया कि उनके साथ क्या हुआ।
और पढ़ें: सनराइजर्स लीड्स द्वारा अबरार अहमद को साइन करने पर बोले राजीव शुक्ला, BCCI का विदेशी लीग में कोई हस्तक्षेप नहीं
मुकाबले के दौरान एक पल ऐसा आया जब मागामादोव ने अपने सामने से विरोधी को उड़ते हुए देखा, लेकिन अगले ही क्षण इस्लामगेरेएव उनकी नजरों से ओझल हो चुके थे। इसके बाद उन्होंने कमर लॉक लगाकर करीब 86 किलोग्राम वजनी प्रतिद्वंद्वी को नीचे गिरा दिया। इस शानदार दांव के लिए उन्हें चार अंक मिले और इसी के साथ उन्होंने मुकाबला भी जीत लिया।
इस पूरे दृश्य में मागामादोव के हाव-भाव ने भी लोगों का ध्यान खींचा। उनके हाथ हवा में लहराते रह गए और वह समझ नहीं पाए कि विरोधी कब और कैसे उनके पीछे पहुंच गया।
मुकाबले का यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैल गया और लाखों लोगों ने इसे देखा। अमेरिकी कुश्ती जगत में इस दांव को पहले से “फ्लाइंग स्क्विरल” कहा जाता है, लेकिन इस्लामगेरेएव ने इसे अपने शानदार अंदाज में अंजाम देकर फिर से चर्चा में ला दिया।
अब यह वीडियो सिर्फ कुश्ती प्रशंसकों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दुनियाभर के खेल प्रेमियों के बीच वायरल हो चुका है।
और पढ़ें: असम में 4,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना