बाजार में चौतरफा बिकवाली
कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 1,124.02 अंक यानी 1.52 प्रतिशत टूटकर 72,771.72 अंक पर बंद हुआ। यह 30 मार्च 2026 के बाद सेंसेक्स का सबसे निचला बंद स्तर है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,179.51 अंक तक गिरकर 72,716.23 अंक पर पहुंच गया था।
इसी तरह एनएसई निफ्टी 360.25 अंक यानी 1.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,780.25 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी के 50 शेयरों में से 47 गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि केवल तीन शेयरों में तेजी रही।
कच्चे तेल ने बढ़ाई चिंता
विश्लेषकों के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध ने कच्चे तेल की कीमतों को ऊपर धकेला। इसके अलावा विदेशी निवेशकों की बिकवाली, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में वृद्धि और कमजोर एशियाई बाजारों ने भी निवेशकों का भरोसा प्रभावित किया।
और पढ़ें: कच्चे तेल की तेजी से शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1,248 अंक टूटा; निफ्टी 23,100 के नीचे
ब्रेंट क्रूड 3.81 प्रतिशत उछलकर 108.3 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इस तेजी का असर वित्तीय, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, धातु, एफएमसीजी, तेल एवं गैस तथा ऑटो शेयरों पर दिखाई दिया।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में 29 शेयर गिरावट में रहे। लार्सन एंड टुब्रो 2.81 प्रतिशत गिरा। पावर ग्रिड 2.62 प्रतिशत, अडानी पोर्ट्स 2.38 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 2.30 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 2.27 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज 2.24 प्रतिशत टूटे। इंफोसिस ही बढ़त दर्ज करने वाला एकमात्र सेंसेक्स शेयर रहा।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली
एक्सचेंज आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 3,693.93 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे थे। विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से भारत-अमेरिका यील्ड अंतर कम हो रहा है, जिससे विदेशी पूंजी के बाहर निकलने का दबाव बढ़ सकता है।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि बाजार में बिकवाली का दबाव बना रहा और प्रमुख मनोवैज्ञानिक समर्थन स्तर टूटने से निवेशकों की सतर्कता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव लंबे समय तक बने रहने की आशंका से आपूर्ति बाधित होने और जिंस कीमतों के ऊंचे रहने का जोखिम बढ़ा है।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 और शंघाई का एसएसई कंपोजिट गिरावट में बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला रुख रहा।
शुक्रवार को सेंसेक्स 315.20 अंक बढ़कर 73,895.74 और निफ्टी 77.40 अंक चढ़कर 23,140.50 अंक पर बंद हुआ था।
और पढ़ें: हूती हमलों के बीच सऊदी अरब अक्टूबर में यूरोपीय ग्राहकों को कच्चा तेल देना रोक सकता है: रिपोर्ट