नई दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट और महिला पुलिसकर्मियों से बदसलूकी के वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमा गया है। बुधवार को हुए हंगामे के बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और एक दर्जन से अधिक कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए हैं। इनमें पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की तथा कथित मारपीट के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। कुछ महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी कथित बदसलूकी के वीडियो सामने आए हैं। घटना के दौरान कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात कही गई है।
हालांकि, गुरुवार को कांग्रेस का प्रदर्शन अपेक्षाकृत शांत रहा। विपक्षी सांसद दोबारा कनॉट प्लेस में जुटे। कांग्रेस के अलावा राष्ट्रीय जनता दल, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और वाम दलों के सांसद भी मौजूद रहे। इसके बाद सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में राजघाट पहुंचे। दिल्ली पुलिस ने उन्हें रास्ते में नहीं रोका।
और पढ़ें: राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर दिल्ली पुलिस की एफआईआर, पुलिसकर्मियों से मारपीट और काम में बाधा का आरोप
राजघाट पहुंचकर राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर अपने पुराने आरोप दोहराए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत पर भी निशाना साधा।
उधर, भारतीय जनता पार्टी ने पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा प्रवक्ता सिद्धार्थ यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट और महिला कर्मियों से बदसलूकी से जुड़े वीडियो दिखाए।
संसद मार्ग थाने में दर्ज एफआईआर में पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट, सरकारी काम में बाधा, धक्का-मुक्की और बदसलूकी जैसे आरोप शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।
और पढ़ें: ज्ञानेश कुमार हटाओ, चुनाव आयोग बचाओ के पोस्टर दिल्ली में लगे, कांग्रेस आज करेगी प्रदर्शन