दिल्ली निवासी एक पर्यटक पर राजस्थान के उदयपुर स्थित फाइव स्टार होटल में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ 10 दिन ठहरने के बाद 5.74 लाख रुपये का बिल चुकाए बिना होटल से चले जाने का आरोप लगा है। मामले में होटल द ओबेरॉय उदयविलास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला दिल्ली निवासी अनुराग यादव से जुड़ा है, जो अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ उदयपुर पहुंचे थे। पुलिस शिकायत के अनुसार, एक ट्रैवल एजेंसी ने 12 अगस्त को ईमेल के जरिए यादव के लिए होटल में बुकिंग कराई थी। इसके बाद परिवार ने 14 अगस्त से 23 अगस्त तक होटल में ठहराव किया।
10 दिन के ठहराव का बिल 5.74 लाख रुपये
शिकायत के मुताबिक, परिवार ने होटल में रहने के दौरान कई सुविधाओं का इस्तेमाल किया। इनमें ठहरने के अलावा दोपहर और रात के भोजन जैसी सेवाएं भी शामिल थीं। इन सभी सेवाओं को मिलाकर होटल का कुल बिल 5.74 लाख रुपये हो गया।
और पढ़ें: गुरुग्राम में जलभराव पर सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने कांग्रेस को घेरा, 17 साल से खुद हैं सांसद; कांग्रेस ने भी किया पलटवार
24 अगस्त को जब परिवार होटल से चेकआउट करने पहुंचा, तो होटल प्रबंधन ने उन्हें 10 दिनों के ठहराव और इस्तेमाल की गई सेवाओं का बिल सौंपा। आरोप है कि अनुराग यादव ने बिल का भुगतान करने से इनकार कर दिया।
ट्रैवल एजेंसी के भुगतान का दावा
पुलिस शिकायत के अनुसार, यादव ने कथित तौर पर कहा कि जिस ट्रैवल एजेंसी के जरिए होटल की बुकिंग की गई थी, वही 5.74 लाख रुपये का बिल चुकाएगी। हालांकि, होटल की ओर से ट्रैवल एजेंसी से संपर्क किए जाने पर एजेंसी ने कथित तौर पर इस तरह की किसी व्यवस्था से इनकार कर दिया।
द ओबेरॉय उदयविलास के संपर्क प्रबंधक रविंद्र सिंह की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
धोखाधड़ी के आरोप की जांच
पुलिस के अनुसार, अनुराग यादव दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। पुलिस बुकिंग, होटल में ठहरने, ट्रैवल एजेंसी की भूमिका और बकाया राशि से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे पर्यटक और ट्रैवल एजेंसी से जुड़े संभावित धोखाधड़ी के मामले के रूप में देखा है। हालांकि, आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि होटल की बुकिंग किस शर्त पर की गई थी और भुगतान को लेकर वास्तव में क्या समझौता हुआ था।
और पढ़ें: एमपीएससी ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा रद्द, पेपर लीक मामले का खुलासा; गुप्त सूचना से शुरू हुई जांच