गुजरात के गांधीनगर नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शुरुआती नतीजों में मजबूत बढ़त हासिल की है। अब तक घोषित 20 सीटों के परिणामों में बीजेपी ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को एक सीट मिली है। पांच वार्डों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इनमें वार्ड नंबर 1, 3, 5 और 9 की सभी सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की है। वहीं, वार्ड नंबर 7 में बीजेपी को तीन और कांग्रेस को एक सीट मिली है।
गांधीनगर नगर निगम के 11 वार्डों की कुल 44 सीटों पर चुनाव कराया गया था। इस चुनाव में 130 उम्मीदवार मैदान में थे। मुख्य मुकाबला बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच है। बीजेपी और कांग्रेस ने सभी 44 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जबकि आप ने 32 सीटों पर चुनाव लड़ा।
59.25 प्रतिशत मतदान दर्ज
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, गांधीनगर नगर निगम चुनाव के लिए रविवार, 11 अक्टूबर को मतदान हुआ था। नगर निगम क्षेत्र में लगभग 2.59 लाख मतदाता हैं। चुनाव में शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक 59.25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
और पढ़ें: गांधीनगर नगर निगम चुनाव के नतीजों की मतगणना शुरू, 130 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज
मतगणना अभी जारी है और शेष सीटों के नतीजे आने बाकी हैं। ऐसे में अंतिम परिणामों के साथ ही नगर निगम में दलों की कुल सीटों की स्थिति स्पष्ट होगी।
पिछले चुनाव में भी बीजेपी का दबदबा
अक्टूबर 2021 में हुए पिछले गांधीनगर नगर निगम चुनाव में बीजेपी ने 44 में से 41 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस को दो सीटें मिली थीं, जबकि आम आदमी पार्टी ने एक सीट जीती थी। इस बार के शुरुआती नतीजे भी बीजेपी के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं।
अन्य स्थानीय निकायों में उपचुनाव
गुजरात में खेरालू, छोटा उदेपुर और बायड नगरपालिकाओं की एक-एक सीट पर भी उपचुनाव कराए गए। इसके अलावा विभिन्न जिला पंचायतों और तालुका पंचायतों की खाली सीटों के लिए मतदान हुआ।
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया तथा नियमित गश्त की गई। मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के माध्यम से कराया गया।
अब सभी सीटों की मतगणना पूरी होने के बाद गांधीनगर नगर निगम में राजनीतिक दलों की अंतिम स्थिति सामने आएगी।
और पढ़ें: गांधीनगर नगर निगम चुनाव के नतीजों की मतगणना शुरू, 130 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज