गाज़ियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में कक्षा 11 के छात्र सूर्य चौहान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। हत्या के मुख्य आरोपी असद को खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान इंदिरापुरम के अभय खंड इलाके में हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया। इस दौरान एक पुलिस सिपाही भी घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
नवनीत विहार कॉलोनी, खोड़ा निवासी 17 वर्षीय सूर्य चौहान को 28 मई को हुए विवाद के दौरान चाकू मार दिया गया था। गंभीर रूप से घायल सूर्य को इलाज के लिए नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार दोपहर 29 मई को उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस उपायुक्त (नगर) धवल जायसवाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी थी। मुख्य आरोपी असद की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
और पढ़ें: भारत ने वियतनाम के साथ ब्रह्मोस मिसाइल निर्यात समझौता किया, इंडोनेशिया से वार्ता अंतिम चरण में
पुलिस को सूचना मिली थी कि असद फरार होने से पहले अपने साथियों से मिलने और पैसे लेने खोड़ा क्षेत्र आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल पर पहुंचे असद ने रोकने की कोशिश करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूर्य के परिवार का आरोप है कि उसे फोन कर ईद मनाने के बहाने बुलाया गया था। वहां पहुंचने पर सात लोगों ने मिलकर उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। परिवार का दावा है कि घायल होने के बाद भी सूर्य करीब 200 मीटर तक भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर दोबारा हमला किया।
सूर्य की मां सरोज ने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी पहले दोस्त थे। मोटरसाइकिल चलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद यह वारदात हुई।
और पढ़ें: चीनी मूल की मिसाइल से ईरान ने गिराया अमेरिकी एफ-15E स्ट्राइक ईगल? रिपोर्ट में बड़ा दावा