संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कई भारतीय श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब भारतीय श्रमिकों को ले जा रही एक मिनीबस सड़क के बीचोंबीच खड़े एक ट्रक से टकरा गई।
दुबई पुलिस के यातायात विभाग के महानिदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एमिरेट्स रोड पर एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण अचानक सड़क के बीच रुक गया था। इसके बाद मिनीबस चालक सुरक्षित दूरी बनाए रखने में विफल रहा और पीछे से ट्रक में जा टकराया।
अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर और चार की स्थिति मध्यम बताई गई है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
और पढ़ें: तृणमूल कांग्रेस में सियासी हलचल के बीच दिल्ली में सांसद शताब्दी रॉय के आवास पहुंचे सुवेंदु अधिकारी
हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित भारतीय नागरिकों तथा उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। दूतावास के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल भारतीयों से मुलाकात भी की।
दुबई पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। यातायात दुर्घटना जांच शाखा के विशेषज्ञों को घटनास्थल पर भेजा गया है ताकि साक्ष्य जुटाकर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य चलाया तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य किया। इस दुखद घटना से भारतीय समुदाय में शोक की लहर है।
और पढ़ें: यमुना सफाई अभियान को मिली तय समयसीमा, अमित शाह ने 20 दिन में समीक्षा और 2027 तक 59 नए एसटीपी बनाने के निर्देश दिए