अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E6504 को उड़ान के दौरान कार्गो क्षेत्र में धुआं होने की चेतावनी मिलने के बाद लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। विमान में 103 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। फ्लाइट ने शाम 6:29 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक, विमान में धुएं की चेतावनी एक गलत अलार्म थी। हालांकि, इस संबंध में इंडिगो की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। सुरक्षा को देखते हुए पायलटों ने विमान को लखनऊ ले जाने का फैसला किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।
इंडिगो की उड़ानों में हाल के दिनों में तकनीकी कारणों से डायवर्जन और वापस लौटने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इससे पहले दोहा से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E1302 को चालक दल के एक सदस्य की तबीयत अचानक खराब होने के बाद मस्कट डायवर्ट किया गया था। विमान सुरक्षित उतरा और बीमार क्रू सदस्य को मेडिकल टीम ने उपचार दिया। बाद में एयरलाइन ने यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान और चालक दल की व्यवस्था की थी।
और पढ़ें: श्रीनगर एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान पार्किंग पोल से टकराया, जांच के आदेश; सभी यात्री सुरक्षित
एक अन्य घटना में दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E2102 को उड़ान भरने के करीब 30 मिनट बाद इंजन में तकनीकी खराबी के कारण गोवा लौटना पड़ा था। विमान में 229 यात्री सवार थे। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने पूर्ण आपातकाल घोषित किया था। विमान ने सुबह 9:51 बजे मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
इंडिगो ने बताया था कि पायलटों ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विमान को वापस गोवा लाया। विमान की तकनीकी जांच के बाद ही उसे दोबारा उड़ान की मंजूरी दी जाएगी।
और पढ़ें: श्रीनगर एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान पार्किंग पोल से टकराया, जांच के आदेश; सभी यात्री सुरक्षित