मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने एक शातिर अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो ई-रिक्शा को चोरी की वारदातों के लिए इस्तेमाल करता था। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत कई सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 20 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर ऐसे यात्रियों को अपना निशाना बनाता था, जो अकेले सफर कर रहे होते थे। खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाया जाता था। गिरोह के सदस्य एक ही शेयरिंग ई-रिक्शा में बैठते थे और यात्रा के दौरान यात्रियों को बातचीत में उलझाए रखते थे। इसी दौरान गिरोह का मास्टरमाइंड मौका देखकर यात्रियों के बैग से पर्स, नकदी और गहने चोरी कर लेता था। वारदात के बाद सभी आरोपी अलग-अलग जगहों पर उतरकर फरार हो जाते थे।
इस गिरोह का खुलासा महाराष्ट्र निवासी 60 वर्षीय पवन सिंह की शिकायत के बाद हुआ। पवन सिंह अपनी बेटी को ससुराल छोड़ने के लिए इंदौर आए थे। रेलवे स्टेशन से उन्होंने एक ई-रिक्शा लिया था। स्कीम-78 पहुंचने तक उनकी बेटी के बैग से करीब 12 तोला सोने के गहने चोरी हो चुके थे।
और पढ़ें: इंदौर में 300 बेड वाले नए जिला अस्पताल का मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया उद्घाटन
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने ई-रिक्शा के अधूरे नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर जांच शुरू की। विजय नगर एसीपी पराग सैनी के निर्देशन में लसूड़िया पुलिस ने 250 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गिरोह तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड 53 वर्षीय महबूब हमीद है, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है। वह पिछले करीब 18 वर्षों से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के कई शहरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में करीब 40 चोरी के मामले दर्ज हैं, जिनमें 11 मामले इंदौर के हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के पैसों से महबूब ने बिजनौर में लगभग ढाई करोड़ रुपये की कीमत का आलीशान बंगला बनवाया है। पुलिस टीम जब वहां पहुंची तो बंगले की भव्यता देखकर हैरान रह गई।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि महबूब का परिवार भी इस अपराध में शामिल रहा है। उसकी पत्नी और अन्य परिजनों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान चोरी की कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
और पढ़ें: चंडीगढ़ में बेदखली के दौरान महिला को मुंह में मारी गोली, वकील किरायेदार गिरफ्तार