कैस्पियन सागर में एक ईरानी मालवाहक जहाज पर हुए कथित हमले के बाद ईरान और यूक्रेन के बीच तनाव और बढ़ गया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए यूक्रेन को संभावित जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी। तेहरान ने स्पष्ट कहा कि वह अपने राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा की रक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत हर आवश्यक कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।
ईरान के अनुसार, यह हमला शनिवार सुबह कैस्पियन सागर में हुआ। हमले के दौरान जहाज पर जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें एक ईरानी नाविक (सेलर) की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों का इलाज जारी है।
ईरान के विदेश मंत्रालय ने इस घटना को संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 2(4) का उल्लंघन बताते हुए कहा कि किसी संप्रभु देश के वाणिज्यिक जहाज पर हमला अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ है। मंत्रालय ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ाने और तनाव फैलाने के उद्देश्य से की गई "आक्रामकता" है।
और पढ़ें: ईरानी जलक्षेत्र में एलपीजी टैंकर पर हमला, 28 भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित: भारतीय दूतावास
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि ईरानी मालवाहक जहाज पर हमला केवल ईरान के खिलाफ नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। मंत्रालय के अनुसार, इस तरह की घटनाएं वैश्विक व्यापार और समुद्री परिवहन की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करती हैं।
ईरान ने यह भी दोहराया कि उसने रूस-यूक्रेन युद्ध में किसी भी पक्ष का प्रत्यक्ष समर्थन या हस्तक्षेप नहीं किया है। इसके साथ ही तेहरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों और यूरोपीय देशों से यूक्रेन को इस कथित हमले के लिए जवाबदेह ठहराने की अपील की।
ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि जो भी देश पूर्वी यूरोप और आसपास के क्षेत्रों में शांति और स्थिरता चाहते हैं, उन्हें यूक्रेन की इस कार्रवाई पर गंभीर रुख अपनाना चाहिए। मंत्रालय ने चेतावनी दी कि यदि हालात और बिगड़ते हैं तो इसकी पूरी जिम्मेदारी यूक्रेन और उसके अंतरराष्ट्रीय समर्थकों की होगी। साथ ही ईरान ने संकेत दिया कि वह अपनी सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए आवश्यक जवाबी कदम उठाने के लिए तैयार है।
और पढ़ें: लाल सागर में हूती हमलों के बाद ट्रंप की चेतावनी, बोले- ईरान को ठहराएंगे जिम्मेदार