महाराष्ट्र के मुंबई से सटे कल्याण पूर्व में भानु ज्योत अस्पताल में डॉक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि इलाज को लेकर हुई बातचीत के दौरान मरीज का बेटा किसी बात से नाराज हो गया और कुछ देर बाद डॉक्टर के केबिन में पहुंचकर उनके साथ मारपीट करने लगा। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, एक मरीज अपने बेटे विनीत देशमुख के साथ इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा था। मरीज का इलाज कर रहे डॉक्टर योगेंद्र जयसवाल बीमारी और उपचार की प्रक्रिया के बारे में उन्हें जानकारी दे रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विनीत देशमुख नाराज हो गया।
स्थिति बिगड़ती देख मरीज ने कथित तौर पर अपने बेटे से डॉक्टर के केबिन से बाहर जाने को कहा। हालांकि, कुछ देर बाद विनीत दोबारा केबिन में पहुंचा और डॉक्टर योगेंद्र जयसवाल के साथ कथित तौर पर मारपीट करने लगा। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
और पढ़ें: महाराष्ट्र के भंडारा में खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, चारों लोग सुरक्षित
घटना के बाद डॉक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कल्याण के कोलसेवाड़ी पुलिस ने विनीत देशमुख के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों के बयान और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
लगातार अस्पतालों में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के साथ मारपीट की घटनाओं ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। डोंबिवली के शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टर और नर्स से मारपीट के बाद कल्याण में सामने आई इस घटना ने एक बार फिर अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
और पढ़ें: बारामती में रोहित पवार के पीए की 12 वर्षीय बेटी की मौत, संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव