पंजाब के लुधियाना में क्रेटा कार और ई-रिक्शा के बीच मामूली टक्कर के बाद विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। चंद्र नगर इलाके के हरगोबिंद नगर में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कार पर ईंट-पत्थर फेंके गए और एक युवक कार के बोनट पर आ गया। आरोप है कि चालक उसे करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम चंद्र नगर इलाके में एक क्रेटा कार और ई-रिक्शा के बीच टक्कर हुई थी। कार में एक परिवार सवार था, जबकि ई-रिक्शा में चालक के साथ एक यात्री मौजूद था। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।
परिवार को घेरने और कार में तोड़फोड़ का आरोप
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने कार चालक को घेर लिया और वाहन में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। यह भी दावा किया गया कि भीड़ ने कार के अंदर बैठे परिवार को घेर लिया था। ऐसी स्थिति में चालक ने खुद को और परिवार को बचाने के लिए कार आगे बढ़ा दी।
और पढ़ें: पंजाब में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मुख्य आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
बोनट पर लटका युवक, फेंके गए ईंट-पत्थर
कार आगे बढ़ने के दौरान एक युवक उसके बोनट पर आ गया। आरोप है कि चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ाना जारी रखा और युवक को करीब 500 मीटर तक बोनट पर घसीटता हुआ ले गया। इसी बीच कुछ लोगों ने कार पर पीछे से ईंट-पत्थर फेंके। घटना के बाद वाहन में तोड़फोड़ की भी खबर सामने आई है।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में जिसकी भी गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
नोएडा में भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
इससे पहले उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के नोएडा स्थित सेक्टर-18 में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। वहां एक युवक कार के बोनट पर लटका दिखाई दिया, जबकि चालक गाड़ी चलाता रहा। मामला सेक्टर-20 थाना क्षेत्र का बताया गया। वीडियो सामने आने के बाद नोएडा पुलिस ने जांच शुरू की थी।
और पढ़ें: पंजाब में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की फेसबुक लाइव के दौरान गोली मारकर हत्या