उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में स्थित सिविल लाइंस के केनरा बैंक की शाखा में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय अजीत सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अजीत सिंह मूल रूप से एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र के मड़ुआ गांव के निवासी थे। वह पिछले 12 वर्षों से केनरा बैंक की इस शाखा में सुरक्षा ड्यूटी निभा रहे थे। शनिवार रात ड्यूटी के दौरान उनके साथ एक अन्य सिपाही भी मौजूद था।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 9 बजे बैंक परिसर से गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब दूसरा सिपाही मौके पर पहुंचा तो अजीत सिंह खून से लथपथ जमीन पर पड़े मिले। उनकी सरकारी राइफल उनके शरीर के पास थी। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
और पढ़ें: ग्रेटर नोएडा पैरामाउंट सोसायटी लूटकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में 4 आरोपी गिरफ्तार, 2 घायल
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गोली उनकी सरकारी राइफल से चली थी, जो उनकी गर्दन को चीरते हुए निकल गई। घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि, अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अजीत सिंह पिछले कुछ समय से पारिवारिक कारणों के चलते मानसिक तनाव में थे। वह मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र स्थित बालाजी पुरम कॉलोनी में रह रहे थे।
जांच के तहत पुलिस ने मृतक की सरकारी राइफल और मोबाइल फोन को कब्जे में ले लिया है। मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), संदेश और अन्य डिजिटल जानकारी की जांच की जा रही है ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
मामले की जांच थाना प्रभारी त्रिपुरारी कौशिक के नेतृत्व में की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है।
और पढ़ें: मुरादाबाद में धर्म परिवर्तन और निकाह के दबाव का आरोप, पुलिस ने मुस्लिम दंपति को किया गिरफ्तार