कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों को लेकर कथित आपत्तिजनक बयान देने के मामले में मुजफ्फरनगर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, हिंदू संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मौलाना ने एक वीडियो जारी कर कांवड़ियों और कांवड़ यात्रा को लेकर ऐसे बयान दिए, जिनसे धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मौलाना के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मंत्री ने मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोगों से भी ऐसे बयानों का विरोध करने की अपील की।
और पढ़ें: हरिद्वार में गंगनहर में डूबने से चंडीगढ़ के चार कांवड़ियों की मौत, एक को बचाने में तीन साथियों ने गंवाई जान
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्री धार्मिक आस्था के साथ करीब 200 से 250 किलोमीटर तक की यात्रा करते हैं। ऐसे श्रद्धालुओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे मामलों में जिम्मेदारी के साथ प्रतिक्रिया देनी चाहिए।
मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मौलाना साजिद रशीदी ने वीडियो जारी कर कुछ वक्तव्य दिए थे, जिन पर आपत्ति जताई गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है और पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही है।
एसएसपी ने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सावन के महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। इसी बीच मुजफ्फरनगर में दो मुस्लिम महिलाओं के बुर्का पहनकर हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा में शामिल होने का मामला भी हाल में चर्चा में रहा था।
और पढ़ें: कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर सीएम धामी बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता