मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। यह हादसा उस समय हुआ जब एक बस मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही थी।
पुलिस के अनुसार, बस में करीब 40 यात्री सवार थे और यह नागपुर रोड पर सिमरिया के पास एक पिकअप वाहन से टकरा गई। यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल और आसपास के अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
और पढ़ें: चित्रदुर्ग सड़क हादसे में बेंगलुरु के तीन रिजर्व पुलिसकर्मियों की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि यह बस मुख्यमंत्री मोहन यादव के एक कार्यक्रम से लौट रही थी। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
और पढ़ें: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पिकअप डिवाइडर से टकराई, तीन साल की बच्ची समेत दो की मौत