देश की आधुनिक रैपिड रेल सेवा नमो भारत ट्रेन अब उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन शहर ऋषिकेश तक पहुंचने की तैयारी में है। दिल्ली-मेरठ के बीच संचालित हो रही नमो भारत ट्रेन के विस्तार प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद ऋषिकेश की तस्वीर और तकदीर बदलने की उम्मीद है।
इस परियोजना से उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र को बड़ा फायदा मिलेगा। दिल्ली-एनसीआर के लोग, जो सप्ताहांत में पहाड़ों और नदियों के बीच समय बिताना पसंद करते हैं, अब तेज और आरामदायक यात्रा के जरिए आसानी से ऋषिकेश पहुंच सकेंगे। दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के अलावा राजस्थान के नीमराना और अलवर तथा हरियाणा के सोनीपत और करनाल से भी यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
फिलहाल नमो भारत ट्रेन दिल्ली क्षेत्र में सराय काले खां, आनंद विहार, साहिबाबाद और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों से जुड़ी हुई है। यात्री अपने नजदीकी मेट्रो स्टेशन से इन स्थानों तक पहुंचकर नमो भारत सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे।
और पढ़ें: दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार का सख्त संदेश, बोले- भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा
योजना के अनुसार, नमो भारत ट्रेन को उत्तर प्रदेश के मोदीपुरम (मेरठ) से बढ़ाकर ऋषिकेश के पास लक्ष्मणझूला तक ले जाने की तैयारी है। वर्तमान 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर में लगभग 150 किलोमीटर की बढ़ोतरी होगी, जिससे इसकी कुल लंबाई करीब 232 किलोमीटर हो जाएगी।
नमो भारत ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 160 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसके चलते दिल्ली से ऋषिकेश तक करीब 230 किलोमीटर की दूरी लगभग तीन घंटे में पूरी हो सकेगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर को ऋषिकेश तक बढ़ाने का प्रस्ताव सौंपा था।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) इस नेटवर्क को भविष्य में गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा तक विस्तार देने की योजना पर भी काम कर रहा है। सराय काले खां नमो भारत स्टेशन को इस हाई स्पीड नेटवर्क के बड़े इंटरचेंज हब के रूप में विकसित करने की तैयारी है।
इसके अलावा सरकार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भी नमो भारत नेटवर्क से जोड़ने पर विचार कर रही है। इससे हरिद्वार, ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को हवाई यात्रा के लिए भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
और पढ़ें: सहरसा के दुकानदार के तीन बच्चों ने एक साथ पास की नीट परीक्षा, मेहनत और लगन की बनी मिसाल