जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रोजगार, शिक्षा, राशन कार्ड और पेंशन जैसे मुद्दों पर अपनी योजनाएं साझा कीं। किशोर ने बांकीपुर के कम से कम 10 हजार शिक्षित युवाओं को नौकरी दिलाने का वादा किया और उनसे अपना बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा कराने को कहा।
प्रशांत किशोर ने आभार सभा में कहा कि चुनाव जीतने के बाद पिछले पांच-छह दिनों से वह क्षेत्र की समस्याओं पर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के बच्चे शिक्षित हैं, वे अपना बायोडाटा जमा करें। उनका कार्यालय कम से कम 10 हजार युवाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में काम करेगा। उन्होंने दावा किया कि देशभर में उनके संपर्कों के जरिए बिहार के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर जुटाए जा रहे हैं।
उन्होंने लोगों से तीन महीने का समय मांगते हुए राशन कार्ड और पेंशन से जुड़ी समस्याएं दूर करने का भरोसा दिया। किशोर ने कहा कि राशन कार्डधारकों को पांच किलो अनाज और पात्र बुजुर्गों को 1100 रुपये मासिक पेंशन दिलाने की जिम्मेदारी उनकी होगी।
और पढ़ें: बांकीपुर जीत के बाद उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से प्रशांत किशोर की मुलाकात, महाराष्ट्र की राजनीति में बढ़ी हलचल
सरकारी स्कूलों को लेकर भी उन्होंने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि एक साल के भीतर सरकारी स्कूलों की व्यवस्था बेहतर की जाएगी। यदि ऐसा नहीं हुआ तो जरूरतमंद बच्चों की निजी स्कूल की फीस की जिम्मेदारी वह खुद उठाएंगे।
किशोर ने रोजगार, शिक्षा, राशन और पेंशन को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी राजनीतिक निशाना साधते हुए कहा कि बांकीपुर के चुनाव परिणाम के बाद सरकार में शिक्षा और रोजगार की चर्चा बढ़ी है।
छात्र आंदोलनों पर प्रतिक्रिया देते हुए किशोर ने कहा कि पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी से परेशान युवा सड़कों पर उतर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाठी के बल पर छात्रों की आवाज दबाई नहीं जा सकती।
मंगलवार को उनके कार्यक्रम की शुरुआत दशरथ में शहीद राम गोविंद सिंह बालिका उच्च विद्यालय में श्रद्धांजलि सभा से हुई। इसके बाद उन्होंने यारपुर राजपूताना गोपाल शरण सिंह पथ, जक्कनपुर और लंगरटोली चौक समेत कई स्थानों पर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
और पढ़ें: प्रशांत किशोर का भाजपा पर आरोप, बोले- बांकीपुर उपचुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए जीविका दीदियों का इस्तेमाल