राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी थाना क्षेत्र में अवैध खनन रोकने गए वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी की डंपर से कुचलने के बाद मौत हो गई। मृतक अधिकारी की पहचान प्रताप सिंह चूंडावत के रूप में हुई है। बताया गया कि मिट्टी से भरे डंपर ने उन्हें उनकी बुलेट मोटरसाइकिल समेत टक्कर मार दी और करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों को श्री घाटीवाले बालाजी मंदिर के पास वन क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी। इसके बाद क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रताप सिंह चूंडावत और एक वनपाल मौके पर पहुंचे।
इसी दौरान मिट्टी से भरा एक डंपर तेज गति से आता दिखाई दिया। रेंजर ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और अधिकारी को बाइक समेत कुचल दिया। हादसे में प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
और पढ़ें: आईटी शेयरों में बिकवाली का दबाव, सेंसेक्स 330 अंक टूटा; निफ्टी भी गिरावट के साथ बंद
साथी कर्मचारी ने घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद वन विभाग का दल मौके पर पहुंचा और घायल अधिकारी को छोटी सादड़ी के जयचंद मोहिल उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया। वहां डॉ. विजय कुमार गर्ग और चिकित्सा अधिकारी संजय गुप्ता ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें निंबाहेड़ा जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
चालक मौके से फरार
घटना के बाद डंपर चालक और जेसीबी मशीन चालक वाहन लेकर फरार हो गए। बताया गया कि डंपर चालक ने घाटीवाले बालाजी मंदिर से आगे रास्ते में डंपर में भरी मिट्टी खाली कर दी, जिससे रास्ता बाधित हो गया। इसके बाद वह भंवरमाता रोड स्थित शनि मंदिर के रास्ते गोमाना की ओर भाग गया।
पुलिस ने देर रात आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं मिला। पुलिस टीमें अवैध खनन से जुड़े लोगों और फरार वाहन चालकों की तलाश कर रही हैं। घटना में रेंजर की बुलेट बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
और पढ़ें: बागपत के ढाबे पर रोटी पर थूकने का वीडियो वायरल, युवक गिरफ्तार