पुडुचेरी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शनिवार को 9 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है।
जारी सूची के अनुसार, पुडुचेरी के गृह मंत्री ए. नमस्सिवयम को मन्नादीपेट सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा, पीएमएल कल्याणसुंदरम को कालापेट, जीएनएस राजशेखरन को तिरुनल्लार, वीपी रामलिंगम को राजभवन और ए. जॉनकुमार को मुदलियारपेट से टिकट दिया गया है।
अन्य उम्मीदवारों में आर. सेल्वम को मानवेली, टीकेएसएम मीनाक्षीसुंदरम को नेरावी-टी.आर. पट्टिनम, ए. दिनेशन को माहे और ई. थीप्पैन्थन को उस्सुडु (अनुसूचित जाति आरक्षित सीट) से मैदान में उतारा गया है।
और पढ़ें: पुडुचेरी चुनाव: मुख्यमंत्री रंगासामी ने भाजपा संग गठबंधन तय बताया, सीट बंटवारा जल्द
इस बीच, सत्तारूढ़ ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस और बीजेपी-एआईएडीएमके गठबंधन के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है। समझौते के तहत AINRC 16 सीटों पर और बीजेपी 14 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
यह समझौता पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी और केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया के बीच बैठक के बाद तय हुआ। बीजेपी ने अपने हिस्से से एआईएडीएमके और लक्षिया जननायक काची (एलजेके) को दो-दो सीटें भी आवंटित की हैं।
गौरतलब है कि 2021 के चुनाव में AINRC ने 16 में से 10 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी ने 9 में से 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार 30 सीटों के लिए एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा और 4 मई को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
और पढ़ें: केरल विधानसभा चुनाव: बीजेपी की पहली सूची में चार ईसाई उम्मीदवारों की घोषणा