पंजाब में मंगलवार रात कुछ ही घंटों के अंतराल में दो बड़े धमाकों के बाद पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। ये धमाके जालंधर और अमृतसर में महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों के पास हुए, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
पहला धमाका जालंधर में सीमा सुरक्षा बल के मुख्यालय के बाहर हुआ। शुरुआती जानकारी में इसे एक स्कूटर में आग लगने की घटना बताया गया था, लेकिन जांच में सामने आया है कि इसमें आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) का इस्तेमाल हो सकता है। घटना शाम करीब 8 बजे की है, जब एक एक्टिवा स्कूटर अचानक विस्फोट के साथ आग की चपेट में आ गया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पुष्टि की जा रही है। स्कूटर चालक की पहचान 22 वर्षीय गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिससे पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते को मौके पर तैनात किया गया है।
और पढ़ें: मोगा में खालिस्तान झंडा फहराने के मामले में NIA कोर्ट का फैसला, दो दोषियों को 5.5 साल की सजा
इसके करीब दो घंटे बाद रात लगभग 10:50 बजे अमृतसर के खस्सा कैंटोनमेंट इलाके में दूसरा धमाका हुआ। इस घटना के बाद पुलिस और सेना के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। आदित्य एस वारियर ने बताया कि फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने सबूत जुटाकर जांच के लिए भेजे हैं।
दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आईईडी के इस्तेमाल की आशंका ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
और पढ़ें: छत्तीसगढ़ के कांकेर में IED विस्फोट, डीआरजी के 3 जवान शहीद, एक गंभीर घायल