कनाडा के टोरंटो में पंजाब की 26 वर्षीय नवनीत कौर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्थानीय पुलिस ने इस घटना को एक सुनियोजित (टारगेटेड) हमला बताया है। मामले में भारतीय मूल के आरोपी शरणजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ प्रथम श्रेणी (फर्स्ट डिग्री) हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 24 जुलाई की सुबह करीब 7:23 बजे हंबरवुड बुलेवार्ड और रेक्सडेल बुलेवार्ड इलाके में हुई। सूचना मिलने पर ओंटारियो प्रांतीय पुलिस मौके पर पहुंची, जहां नवनीत कौर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। उन्हें तत्काल प्राथमिक चिकित्सा दी गई, लेकिन घटनास्थल पर ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि घटना से ठीक पहले नवनीत कौर और आरोपी शरणजीत सिंह के बीच कुछ देर बातचीत हुई थी। इसके बाद आरोपी ने उन पर गोली चला दी और हाथ में हथियार लेकर मौके से पैदल फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
और पढ़ें: लोकसभा में खत्म हुआ गतिरोध, ओम बिरला की पहल के बाद एंटी-पेपर लीक विधेयक पर मंगलवार को होगी चर्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नवनीत कौर हंबरवुड बुलेवार्ड पर पैदल जा रही थीं, तभी एक व्यक्ति उनका पीछा करने लगा। उसने उनसे कुछ कहा और अचानक गोली चला दी। घटना के बाद मौजूद लोगों ने तुरंत आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच से यह मामला एक सोची-समझी और लक्षित हत्या का प्रतीत होता है। फिलहाल घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
गौरतलब है कि इसी महीने अल्बर्टा प्रांत की राजधानी एडमंटन में भी भारतीय मूल की 23 वर्षीय धमनप्रीत कौर की कथित तौर पर उनके साथी ऋतिश कुमार ने हत्या कर दी थी। उस मामले में आरोपी पर द्वितीय श्रेणी (सेकेंड डिग्री) हत्या का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने उसे घरेलू संबंधों से जुड़ी हत्या का मामला बताया था।
कनाडा में हाल के दिनों में भारतीय मूल के लोगों से जुड़े हत्या के मामलों में बढ़ोतरी ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रवासी समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि नवनीत कौर हत्याकांड की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर नई एसआईटी गठित, आईजी किरण एस करेंगे जांच की अगुवाई