ओडिशा के पुरी रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को एक मेमू पैसेंजर ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया। हादसा स्टेशन से करीब 300 मीटर दूर प्लेटफॉर्म नंबर-3 के पास हुआ। ट्रेन तालचेर से पुरी की ओर आ रही थी। घटना के समय ट्रेन की रफ्तार काफी कम थी, जिसके कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी यात्री की मौत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
इंजन के पटरी से उतरने की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और रेलवे सुरक्षा बल की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल को सुरक्षित किया और यात्रियों की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पटरी से उतरे इंजन को हटाने और प्रभावित ट्रैक को जल्द बहाल करने का काम शुरू किया गया।
इंजन के पटरी से उतरने के कारण कुछ समय के लिए ट्रेन परिचालन प्रभावित हुआ। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक अन्य ट्रेनों की आवाजाही पर इसका बड़ा असर नहीं पड़ा। रेलवे की तकनीकी टीम घटना के कारणों की जांच कर रही है।
और पढ़ें: रेलवे बोर्ड ने 7 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दी मंजूरी, देखें पूरी सूची और प्रमुख ठहराव
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इंजन तकनीकी खराबी, ट्रैक में समस्या या किसी अन्य वजह से पटरी से उतरा। रेलवे की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।
इससे पहले जुलाई में गुजरात के वलसाड जिले में भी एक पैसेंजर ट्रेन पटरी से उतर गई थी। उस घटना में ट्रेन के ड्राइविंग मोटर कोच के चार पहिए पटरी से उतर गए थे। हादसे के कारण मुंबई-अहमदाबाद रेल मार्ग पर सेवाएं प्रभावित हुई थीं, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी।
और पढ़ें: तत्काल टिकट में दलालों पर रेलवे की बड़ी कार्रवाई, साढ़े तीन साल में 13,580 दलाल और 65 कर्मचारी गिरफ्तार