राजस्थान में मानसून की गतिविधियां फिलहाल धीमी पड़ गई हैं। इसके चलते राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर कमजोर हो गया है। पश्चिमी राजस्थान में बारिश की कमी के कारण गर्मी और उमस बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को राज्य के 15 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है, हालांकि किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, राजस्थान में मानसूनी बादल कमजोर हो रहे हैं। इसका असर आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा और बड़े स्तर पर बारिश की संभावना कम रहेगी। पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
चूरू जिले के सादुलपुर में सबसे ज्यादा 55 मिलीमीटर यानी करीब दो इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 28 मिलीमीटर, झुंझुनू में 18 मिलीमीटर, हनुमानगढ़ में 3 से 38 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। वहीं, अलवर और खैरथल-तिजारा में करीब 1 मिलीमीटर बारिश हुई।
और पढ़ें: आंध्र प्रदेश में कोरोना की वापसी, कडप्पा में दो मौतों के बाद पूरे राज्य में हेल्थ अलर्ट
बारिश की कमी के कारण पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बढ़ गया है। शनिवार को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फलोदी में तापमान 40.6 डिग्री और जैसलमेर में 40 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, माउंट आबू में सबसे कम न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को झुंझुनू, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, खैरथल-तिजारा, डीग, दौसा, भरतपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, जालौर, सिरोही, उदयपुर और डूंगरपुर जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
राजधानी जयपुर में लगातार दूसरे दिन बारिश नहीं हुई। दिनभर मौसम साफ और उमस भरा रहा, हालांकि रात के तापमान में 4.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अजमेर में मौसम सुहावना रहा और बीच-बीच में बादल छाए रहे।
उदयपुर में बादल छाए रहने और हल्की हवा चलने के बावजूद बारिश नहीं हुई। कोटा में मानसून की धीमी गति के कारण गर्मी और उमस महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार, इस मानसूनी सीजन में अब तक कोटा जिले में सामान्य से करीब 11 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले कुछ दिनों तक राजस्थान में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। लोगों को गर्मी और उमस से राहत के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है।
और पढ़ें: अंबेडकरनगर में घर की दीवार और ड्रम से निकले 26 सांप, कोबरा मिलने से मची अफरा-तफरी