फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले स्पेन फुटबॉल टीम को बड़ा झटका लगा है। खराब मौसम और तेज आंधी-तूफान के कारण स्पेन का आखिरी अभ्यास सत्र रद्द करना पड़ा। स्पेन को रविवार को अर्जेंटीना के खिलाफ खिताबी मुकाबला खेलना है, लेकिन इससे पहले टीम अपनी अंतिम तैयारियां पूरी नहीं कर सकी।
न्यू जर्सी में स्थित मेलानी लेन ट्रेनिंग ग्राउंड पर स्पेन की टीम अभ्यास करने वाली थी। कोच लुइस दे ला फुएंते की टीम ने खिताबी मुकाबले से पहले मैदान पर रणनीति और खिलाड़ियों की तैयारी को अंतिम रूप देने की योजना बनाई थी। हालांकि, खराब मौसम के कारण अभ्यास सत्र पहले कुछ समय के लिए रोका गया और बाद में पूरी तरह रद्द कर दिया गया।
स्पेनिश फुटबॉल महासंघ (आरएफईएफ) ने एक बयान जारी कर बताया कि अमेरिका में लागू तूफान सुरक्षा नियमों के तहत यह फैसला लिया गया। महासंघ ने कहा कि मैदान पर होने वाली गतिविधियां रोक दी गईं और खिलाड़ियों ने अंदर रहकर वार्म-अप सत्र पूरा किया।
और पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के राजौरी में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
बयान में कहा गया, "न्यू जर्सी के मेलानी लेन ट्रेनिंग ग्राउंड में स्पेन की राष्ट्रीय टीम का अभ्यास सत्र अमेरिकी तूफान सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत स्थगित किया गया है। खिलाड़ी फिलहाल अंदर वार्म-अप कर रहे हैं।"
जहां स्पेन अपना अभ्यास पूरा नहीं कर पाया, वहीं अर्जेंटीना ने करीब 45 मिनट की देरी के बाद मॉरिसटाउन स्थित अपने प्रशिक्षण केंद्र में अभ्यास किया। यह स्थान न्यू जर्सी के प्रशिक्षण मैदान से लगभग पांच मील दूर है। इस बीच, फीफा ने स्पेन को शनिवार को अभ्यास के लिए कोई वैकल्पिक समय उपलब्ध नहीं कराया।
मौसम खराब होने के कारण न्यूयॉर्क शहर में भी बाढ़ की चेतावनी जारी की गई। मेयर जोहरान क्वामे ममदानी ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की।
अमेरिका के तूफान सुरक्षा नियमों के अनुसार, यदि स्टेडियम के आठ मील के दायरे में बिजली गिरने या विद्युत गतिविधि दर्ज होती है तो बाहरी खेल गतिविधियां रोक दी जाती हैं। गतिविधियां तभी दोबारा शुरू हो सकती हैं जब कम से कम 30 मिनट तक कोई बिजली गिरने की घटना न हो।
स्पेन ने सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। स्पेन 2010 के बाद पहली बार विश्व कप जीतने की कोशिश करेगा, जबकि अर्जेंटीना अपने खिताब का बचाव करना चाहेगा।
और पढ़ें: देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-यूपी समेत पहाड़ी राज्यों में मौसम विभाग की चेतावनी