उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लखनऊ स्थित बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक हुई। करीब दो घंटे से अधिक चली इस बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठन की रणनीति और आगामी अभियानों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष, उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक शामिल हुए।
पंकज चौधरी ने बताया कि बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और आने वाले महीनों में संगठन की दिशा पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से बीजेपी ‘सेवा संकल्प’ और ‘सुशासन’ अभियान शुरू करेगी। इन अभियानों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी बैठक में विचार किया गया।
और पढ़ें: यूपी में अतिवृष्टि से नुकसान का 24 घंटे में आकलन, प्रभावितों को तुरंत मिलेगा मुआवजा; त्योहारों से पहले 681 सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि जल्द ही बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित करने को लेकर भी चर्चा हुई है। आने वाले महीनों में संगठन को किस दिशा में काम करना है और चुनावी तैयारियों को किस तरह आगे बढ़ाना है, इस पर वरिष्ठ नेताओं ने विचार-विमर्श किया।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। महिलाओं और युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। जेनरेशन जेड (Gen Z) और युवा मतदाताओं के लिए विशेष पहलों को लेकर भी रणनीति बनाई गई।
बीएल संतोष की मौजूदगी को बैठक के लिहाज से महत्वपूर्ण माना गया। वहीं, उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े एक सप्ताह में दूसरी बार लखनऊ पहुंचे।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर पंकज चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि वह “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” देखने से किसी को नहीं रोक सकते।
बीजेपी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी की ताकत उसका संगठन और कार्यकर्ता हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए दोनों को “विक्रम-बेताल” की जोड़ी बताया और दावा किया कि विपक्षी दल केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस, सोशल मीडिया और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रह गए हैं।
और पढ़ें: यूपी में 1 करोड़ महिलाओं को मिलेगा ब्याजमुक्त 1 लाख रुपये तक का कर्ज, योगी सरकार की बड़ी योजना