संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का बहुप्रतीक्षित अंतिम परिणाम 6 मार्च 2026 को घोषित कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है। वहीं राजेश्वरी सुवे एम दूसरे स्थान पर और आकांक्ष धुल तीसरे स्थान पर रहे।
यूपीएससी द्वारा जारी परिणाम के अनुसार कुल 958 उम्मीदवारों ने इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इन सफल उम्मीदवारों का चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) तथा अन्य केंद्रीय सेवाओं (ग्रुप ‘A’ और ग्रुप ‘B’) के लिए किया गया है।
उम्मीदवार अपना परिणाम यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in और upsconline.gov.in पर जाकर रोल नंबर के आधार पर देख सकते हैं। आयोग ने बताया कि उम्मीदवारों के अंक परिणाम घोषित होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
और पढ़ें: UPSC CSE 2026 के नियम सख्त: IAS-IFS अधिकारियों को दोबारा परीक्षा से रोका
सिविल सेवा परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित की गई थी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों के लिए व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच आयोजित किए गए। इंटरव्यू नई दिल्ली के शाहजहां रोड स्थित धौलपुर हाउस में यूपीएससी मुख्यालय में लिए गए। व्यक्तित्व परीक्षण के लिए कुल 275 अंक निर्धारित किए गए थे।
आयोग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक दो उम्मीदवारों का परिणाम फिलहाल रोका गया है, जबकि 348 अनुशंसित उम्मीदवारों का परिणाम अस्थायी (प्रोविजनल) रखा गया है।
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। हर साल लाखों युवा इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद ही सीमित संख्या में उम्मीदवार अंतिम सूची में जगह बना पाते हैं।
और पढ़ें: इज़राइल ने ‘ब्लू स्पैरो’ मिसाइल से किया ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई पर घातक हमला: कैसे हुई पूरी कार्रवाई