गुजरात के वडोदरा जिले के करजण में शनिवार को नेशनल हाईवे-48 स्थित एक पेट्रोल-सीएनजी पंप पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जिंदल कंपनी के सामने स्थित पंप पर सीएनजी भरवाते समय एक कार की गैस टंकी में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके से कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आसपास खड़ी दो अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक, एक कार चालक सीएनजी भरवाने के लिए पंप पर पहुंचा था। पंप कर्मचारी ने कार की गैस टंकी में सीएनजी भरने के लिए नोजल लगाया। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कार के पिछले हिस्से के कई हिस्से टूटकर दूर जा गिरे। धमाके की आवाज सुनकर पंप परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
राहत की बात यह रही कि विस्फोट के समय कार के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। कार में सवार लोग सीएनजी भरवाते समय बाहर खड़े थे। इस वजह से किसी की जान नहीं गई और बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि, कार को भारी नुकसान पहुंचा और पास में खड़ी दो अन्य गाड़ियां भी विस्फोट की चपेट में आ गईं।
और पढ़ें: गुजरात में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की तैयारी कर रहे 24 जवान डेंगू पॉजिटिव, गांधीनगर में भर्ती
घटना की सूचना मिलने के बाद करजण की फायर टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और किसी अन्य खतरे की आशंका को देखते हुए जरूरी सावधानियां बरतीं। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
शुरुआती तौर पर कार की गैस टंकी में तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, धमाके की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही इसका पता चल सकेगा।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सीएनजी भरने के दौरान अचानक विस्फोट होने के बाद कार के पिछले हिस्से को क्षतिग्रस्त होते देखा जा सकता है। पुलिस और संबंधित टीमें मामले की जांच कर रही हैं।
और पढ़ें: गुजरात में बरडा वन्यजीव अभयारण्य के मालधारी परिवारों के स्वैच्छिक पुनर्वास की योजना