भारत और जिम्बाब्वे के बीच जारी तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में शानदार अर्धशतक जड़कर भारत को सात विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मैच के बाद वैभव ने अपनी पारी और मानसिकता को लेकर खुलकर बात की।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को दिए इंटरव्यू में वैभव ने कहा, "करियर की शुरुआत में अगर ऐसी पारियां खेलने को मिलें और अच्छा प्रदर्शन हो जाए तो आगे के मैचों के लिए आत्मविश्वास काफी बढ़ जाता है। मुझे लगा कि मैं पूरी तरह अपने खेल में था और मैंने सिर्फ अपनी ताकत पर भरोसा किया।"
युवा बल्लेबाज ने अपनी अर्धशतकीय पारी अपने परिवार, कोचों और उन सभी लोगों को समर्पित की जिन्होंने उनके अच्छे और बुरे समय में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा, "मैं यह अर्धशतक अपने परिवार, अपने कोचों और उन सभी लोगों को समर्पित करता हूं जिन्होंने अब तक मेरी यात्रा में मेरा साथ दिया। एक सेलिब्रेशन मैंने अपनी मां के लिए किया, जबकि दूसरा रिंकू सिंह के साथ हुई बातचीत से प्रेरित था।"
और पढ़ें: सरकार मुद्दा सुलझाना चाहती है तो धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा: अभिजीत दिपके
वैभव सूर्यवंशी ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब के मैदान की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस मैदान का माहौल उन्हें काफी पसंद है और यहां बल्लेबाजी करना अच्छा लगता है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह इसे हल्के में नहीं लेंगे।
उन्होंने कहा, "मुझे यहां का माहौल बहुत पसंद है। कुछ मैदान ऐसे होते हैं जहां रन बनाना अच्छा लगता है। लेकिन मैं इसे हल्के में नहीं ले रहा हूं। मैं लगातार अपने खेल में सुधार करूंगा और टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की कोशिश करूंगा।"
गौरतलब है कि भारत हाल के टी20 मुकाबलों में लगातार हार का सामना कर रहा था। टीम को आयरलैंड के खिलाफ दो और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार चार मैचों में हार मिली थी। ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली यह जीत टीम के आत्मविश्वास के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अब सीरीज का दूसरा मुकाबला 25 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी।
और पढ़ें: जंतर-मंतर प्रदर्शन : संविधान क्लब में केंद्र सरकार से जल्द वार्ता करेगा सीजेपी प्रतिनिधिमंडल