पश्चिम बंगाल में वर्ष 2027 की माध्यमिक यानी कक्षा 10वीं की परीक्षाएं फरवरी के बजाय मार्च में आयोजित की जा सकती हैं। पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (डब्ल्यूबीबीएसई) ने आगामी जनगणना कार्य में शिक्षकों की तैनाती को देखते हुए परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव का प्रस्ताव दिया है। बोर्ड ने संशोधित परीक्षा कार्यक्रम राज्य के शिक्षा विभाग को विचार के लिए भेज दिया है।
बोर्ड के प्रस्ताव के मुताबिक, माध्यमिक परीक्षाएं अब दो मार्च से 16 मार्च 2027 तक आयोजित की जा सकती हैं। इससे पहले परीक्षाएं 15 फरवरी से 25 फरवरी के बीच कराने का कार्यक्रम तय किया गया था।
बोर्ड के अध्यक्ष लल्टू दास ने मंगलवार को बताया कि फिलहाल यह केवल प्रस्ताव है और इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि परीक्षा कराने वाले शिक्षकों को फरवरी में जनगणना के तहत गणना कार्य में लगाया जाना है, इसलिए परीक्षा की तारीखों में बदलाव की जरूरत महसूस की गई है।
और पढ़ें: ओमान के तट के पास भारतीय जहाज पर हमले की भारत ने की निंदा, गुजरात के नाविक की मौत
जनगणना की प्रक्रिया अगले साल 25 जनवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलेगी। ऐसे में शिक्षकों की उपलब्धता को देखते हुए बोर्ड परीक्षा मार्च में कराने पर विचार कर रहा है।
कहां मिलेगी परीक्षा की तारीखों की जानकारी?
डब्ल्यूबीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट wbbse.wb.gov.in पर संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद विद्यार्थी उसे डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए वेबसाइट पर जाकर माध्यमिक परीक्षा 2027 की डेटशीट से जुड़े लिंक पर क्लिक करना होगा। पीडीएफ खुलने के बाद उसे डाउनलोड कर प्रिंट भी लिया जा सकता है।
परीक्षा से जुड़े अहम दिशा-निर्देश
बोर्ड के अनुसार, परीक्षा पेन-पेपर मोड में होगी। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित है। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए सुबह 10:45 से 11 बजे तक 15 मिनट दिए जाएंगे। इस दौरान उत्तर लिखने की अनुमति नहीं होगी। विषय आधारित प्रैक्टिकल, संगीत और व्यावसायिक परीक्षाओं का समय अलग-अलग निर्धारित किया जाएगा।
और पढ़ें: बॉम्बे हाईकोर्ट की बीजेपी नेताओं को फटकार, बीएमसी को दिया दीया मिर्जा का वीडियो दोबारा पोस्ट करने का आदेश