आगामी अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। यह यात्रा 3 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे पूरे यात्रा काल के दौरान ट्रैफिक नियमों और सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
एडवाइजरी के अनुसार नवयुग टनल से सामान्य वाहनों की आवाजाही पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाया गया है। कश्मीर से जम्मू जाने वाले वाहनों को प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से पहले टनल पार करने की अनुमति होगी, जबकि जम्मू से कश्मीर जाने वाले वाहनों को शाम 3 बजे के बाद टनल पार करने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा मिर बाजार से श्रीनगर और अनंतनाग की ओर जाने वाले वाहनों के लिए कट-ऑफ समय शाम 4 बजे निर्धारित किया गया है। वहीं नवयुग टनल की ओर जाने वाले वाहनों को शाम 5 बजे से पहले टनल पार करना होगा।
और पढ़ें: भारत के टेनिस दिग्गज विजय अमृतराज को पद्म भूषण, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित
श्राइन बोर्ड और प्रशासन ने यात्रा मार्गों—बालटाल और पहलगाम रूट—पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन और ठहरने की व्यापक व्यवस्था की है। इस वर्ष तीर्थयात्रियों के लिए चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत किया गया है तथा 1000 से अधिक स्वास्थ्यकर्मी तैनात किए गए हैं।
श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड ने तीर्थयात्रियों के लिए दुर्घटना बीमा कवर को ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख कर दिया है। यह बीमा पूरी तरह नि:शुल्क होगा और इसका लाभ पंजीकृत श्रद्धालुओं, श्राइन बोर्ड कर्मचारियों, अस्थायी कर्मचारियों और संबंधित कर्मियों को मिलेगा।
इसके अलावा दो फील्ड अस्पताल, प्रत्येक 70 बेड क्षमता के, और 100 एंबुलेंस भी यात्रा मार्ग पर तैनात की गई हैं। पंजीकृत श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा पहले से योजना बनाकर करें और सुरक्षा जांच, मौसम और ट्रैफिक प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए समय का पालन करें। यह 57 दिवसीय यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी।
और पढ़ें: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में पुल ढहा, ट्रक सहित गिरा, CCTV में कैद हुआ भयावह हादसा