कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके रविवार को सोशल मीडिया पर एक फर्जी वीडियो साझा करने को लेकर विवादों में घिर गए। उन्होंने एक पोस्ट को उद्धृत करते हुए ऐसा वीडियो साझा किया था, जिसमें एक व्यक्ति लोकप्रिय गाने ‘जमाल कुडू’ पर अभिनेता बॉबी देओल के डांस स्टेप्स दोहराता नजर आ रहा था। दावा किया गया था कि वीडियो में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सेवानिवृत्त एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा हैं।
बाद में सामने आया कि वीडियो में मौजूद व्यक्ति जीतेंद्र मिश्रा नहीं हैं। दिपके ने यह वीडियो माइक्रोब्लॉगिंग मंच पर एक अन्य पोस्ट को उद्धृत करते हुए साझा किया था। उन्होंने अपनी पोस्ट में निजी जीवन में किसी व्यक्ति की पसंद पर सवाल नहीं उठाने की बात कही, लेकिन धार्मिक संस्थाओं से जुड़े लोगों के आचरण को लेकर टिप्पणी की।
अभिजीत दिपके ने दी सफाई
जिस पोस्ट को दिपके ने उद्धृत किया था, उसे बाद में हटा दिया गया। इसके बाद दिपके ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि उन्हें बताया गया है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति जीतेंद्र मिश्रा नहीं है।
और पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट के नए ट्रस्टियों और सीईओ पर अखिलेश यादव की पहली प्रतिक्रिया, बोले- बहुत बड़ी जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि वीडियो साझा करने का उद्देश्य किसी व्यक्ति की निजी पसंद पर सवाल उठाना नहीं था, बल्कि यह बताना था कि किसी व्यक्ति की पहचान के आधार पर उसके निजी व्यवहार को लेकर लोगों का नजरिया किस तरह बदल सकता है।
हालांकि, इस सफाई के बावजूद एक्स पर कई यूजर्स ने दिपके की आलोचना की। लोगों ने सवाल उठाया कि उन्होंने बिना पुष्टि किए एक गलत दावे वाले वीडियो को क्यों साझा किया। दिपके ने अपनी पुरानी पोस्ट को हटाया नहीं था।
कौन हैं जीतेंद्र मिश्रा?
सेवानिवृत्त एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को 2 सितंबर को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला सीईओ नियुक्त किया गया था। यह ट्रस्ट उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राम मंदिर के प्रबंधन और संचालन की देखरेख करता है।
62 वर्षीय जीतेंद्र मिश्रा उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से हैं। उन्होंने भारतीय वायुसेना में सेवा दी और उन्हें युद्ध सेवा पदक सहित कई सैन्य सम्मान मिले हैं। उन्होंने पिछले वर्ष मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व भी किया था।
सीईओ के तौर पर अयोध्या की अपनी पहली यात्रा के दौरान मिश्रा ने कहा था कि अब राम मंदिर की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है और वह धीरे-धीरे मंदिर की कार्यप्रणाली को समझकर आगे की योजनाएं तैयार करेंगे।
और पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ जितेंद्र मिश्रा की पहली प्रतिक्रिया, बोले- जिम्मेदारी अच्छे से निभाने की क्षमता के लिए प्रार्थना करूंगा