अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को चार विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर किया। मैच में पहले गेंदबाजी करते हुए गुजरात के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और आरसीबी को 155 रनों पर समेट दिया।
आरसीबी की शुरुआत आक्रामक रही, जहां विराट कोहली ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 13 गेंदों में 28 रन बनाए। हालांकि, उनके आउट होते ही टीम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और विकेटों की झड़ी लग गई। देवदत्त पडिक्कल ने कुछ हद तक पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला। मध्यक्रम में जितेश शर्मा, टिम डेविड और क्रुणाल पांड्या पूरी तरह विफल रहे। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे वेंकटेश अय्यर भी प्रभाव नहीं छोड़ सके।
गुजरात की ओर से अर्शद खान ने तीन विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई, जबकि राशिद खान और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट हासिल किए। उनकी सटीक गेंदबाजी के चलते आरसीबी बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।
और पढ़ें: IPL 2026: गुजरात टाइटन्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराया, बटलर और गिल ने जमाए अर्धशतक
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर ने शानदार शुरुआत दिलाई। गिल ने 18 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि बटलर ने 19 गेंदों में 39 रनों की तेज पारी खेली। दोनों ने टीम के लिए मजबूत आधार तैयार किया। हालांकि, उनके आउट होने के बाद मध्यक्रम में कुछ गिरावट देखने को मिली।
आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट लेकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं था। अंततः गुजरात ने 25 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
और पढ़ें: रोमांचक जीत के बाद शुभमन गिल का खुलासा, प्रसिद्ध कृष्णा संग आखिरी ओवर की रणनीति आई सामने