केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने गुरुवार को 6वें खेलो इंडिया विंटर गेम्स के दूसरे चरण के समापन समारोह में संबोधित करते हुए गुलमर्ग को विश्वस्तरीय शीतकालीन खेल केंद्र के रूप में विकसित करने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर खेलों के माध्यम से विकास और नए अवसरों का अध्याय लिख रहा है। गुलमर्ग में शीतकालीन खेलों की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
डॉ. मांडविया ने घोषणा की कि भविष्य में गुलमर्ग में आयोजित होने वाले विंटर गेम्स को 15 दिवसीय एकीकृत खेल महोत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस विस्तारित प्रारूप में प्रतिस्पर्धी खेलों के साथ पर्यटन प्रोत्साहन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी शामिल किया जाएगा।
और पढ़ें: नासा ने आर्टेमिस चंद्र कार्यक्रम में किया बड़ा बदलाव, 2027 में नया डॉकिंग परीक्षण मिशन
उन्होंने बताया कि अब यह आयोजन केवल चार दिन की प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ‘फिट इंडिया कार्निवल’, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न खेल गतिविधियों को समाहित करेगा। इसका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
6वें खेलो इंडिया विंटर गेम्स के दूसरे चरण में 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 900 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। यह शीतकालीन खेलों के प्रति देशभर में बढ़ती रुचि का संकेत है।
मंत्री ने कहा कि खेल एकता, अनुशासन और समग्र विकास को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के बदलते परिदृश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि जो क्षेत्र कभी पत्थरबाजी की घटनाओं से जुड़ा था, वह अब स्कीइंग और अन्य शीतकालीन खेलों के लिए पहचान बना रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद घाटी में खेल संस्कृति का निरंतर विस्तार हुआ है।
डॉ. मांडविया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण का जिक्र करते हुए कहा कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी की दिशा में कार्य कर रहा है और 2047 तक दुनिया के शीर्ष पांच खेल राष्ट्रों में शामिल होने का लक्ष्य रखता है।
उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया पहल के अंतर्गत स्कूल गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स, यूथ गेम्स, विंटर गेम्स, वाटर स्पोर्ट्स, ट्राइबल गेम्स,और नॉर्थ ईस्ट गेम्स जैसे आयोजनों के जरिए खिलाड़ियों को सालभर अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
क्षेत्र को और प्रोत्साहन देते हुए मंत्री ने घोषणा की कि जम्मू-कश्मीर में शीतकालीन खेल अवसंरचना और प्रशिक्षण को सुदृढ़ करने के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जाएगा।
और पढ़ें: तुर्की शांति प्रक्रिया में कानून जरूरी: जेल में बंद PKK नेता अब्दुल्ला ओजलान