भारतीय क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लीन स्वीप कर लिया है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए तीसरे और अंतिम टी20 मुकाबले में भारत ने मेजबान टीम को 35 रन से हराकर सीरीज में 3-0 से जीत दर्ज की।
मुकाबले में भारत ने टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारतीय पारी की शुरुआत अभिषेक शर्मा और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने की। अभिषेक शर्मा ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और केवल 2 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 81 रन की बेहतरीन पारी खेली।
इसके अलावा ईशान किशन ने 29 रन और श्रेयस अय्यर ने 27 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत भारत बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। जिम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए, जबकि सिकंदर रजा, ब्लेसिंग मुजरबानी और वेस्ली मधेवेरे को एक-एक सफलता मिली।
और पढ़ें: तीसरे टी20 में भारत ने जिम्बाब्वे के सामने 193 रन का लक्ष्य रखा
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद बेन करन 20 रन और डायोन मायर्स 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए।
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा भी गोल्डन डक का शिकार हुए। वेस्ली मधेवेरे ने 29 रन बनाए, जबकि रयान बर्ल ने 43 गेंदों में 54 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
भारत की ओर से तेज गेंदबाज मयंक यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। यश ठाकुर ने दो विकेट लिए, जबकि अशोक शर्मा और रवि बिश्नोई ने एक-एक विकेट हासिल किया।
भारतीय गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के कारण जिम्बाब्वे की टीम 157 रन पर सिमट गई और भारत ने 35 रन से मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 3-0 से शानदार क्लीन स्वीप दर्ज किया।
और पढ़ें: ईशान किशन और तिलक वर्मा का धमाका, भारत ने जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर टी20 सीरीज जीती