भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीत लिया है। निस्शिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए महिला क्रिकेट फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारत की जीत की नींव सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने रखी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन की शानदार साझेदारी की। शेफाली ने 29 गेंदों पर 48 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद स्मृति मंधाना ने पारी को आगे बढ़ाया और 45 गेंदों पर 79 रन की शानदार पारी खेली।
कप्तान हरमनप्रीत कौर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरीं, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। इसके बाद ऋचा घोष ने मोर्चा संभाला। सिलिगुड़ी की इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 22 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाकर भारतीय पारी को मजबूती दी। भारत ने पहली पारी में 216 रन बनाए, जो एशियन गेम्स के इतिहास में महिला क्रिकेट का सर्वोच्च स्कोर बताया गया है। इस दौरान स्मृति मंधाना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11,000 रन भी पूरे किए।
और पढ़ें: सुचिका तरियाल ने जीता कांस्य पदक, भारत के खाते में आया चौथा पदक
भारतीय स्पिनरों का दबदबा
217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय स्पिनरों के सामने टिक नहीं सकी। शेफाली वर्मा ने गेंद से भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दो ओवर में सिर्फ तीन रन देकर दो विकेट लिए। दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि श्रेयंका पाटिल को दो विकेट मिले।
श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने 21 गेंदों पर 29 रन बनाए, लेकिन दीप्ति शर्मा ने उन्हें आउट कर भारत को अहम सफलता दिलाई। उनके आउट होने के बाद श्रीलंका की पारी जल्द सिमट गई।
भारत ने इस जीत के साथ एशियन गेम्स में अपना महिला क्रिकेट स्वर्ण बरकरार रखा है। टीम ने 2022 में भी स्वर्ण पदक जीता था।
और पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: भारत ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में जीता रजत पदक