एशिया कप 2026 में भारत की महिला क्रिकेट टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी फातिमा सना की अगुवाई वाली पाकिस्तान टीम भारतीय स्पिन आक्रमण के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और महज 55 रन पर ऑलआउट हो गई। यह पाकिस्तान का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक का सबसे कम स्कोर है।
पाकिस्तान के लिए यह पारी बेहद निराशाजनक रही। टीम की नौ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। शुरुआती चार ओवर में मुनीबा अली और शावाल जुल्फिकार ने भारतीय तेज गेंदबाजों का सामना करते हुए विकेट बचाए रखे, लेकिन स्पिनरों के आक्रमण पर आते ही पाकिस्तान के विकेट लगातार गिरने लगे।
भारत की ओर से एन. श्री चरणी और प्रेमा रावत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। दीप्ति शर्मा ने भी प्रभावी प्रदर्शन किया और 3.1 ओवर में केवल पांच रन देकर दो विकेट हासिल किए। शेफाली वर्मा ने पांचवें ओवर में गेंदबाजी करते हुए पहला विकेट दिलाया, जिसके बाद पाकिस्तान की पारी संभल नहीं सकी।
और पढ़ें: केतन अग्रवाल हत्याकांड में चेतन के दोस्त रितेश गिरफ्तार, पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
पाकिस्तान के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे छोटे स्कोर में अब भारत के खिलाफ 2026 में बनाए गए 55 रन शीर्ष पर हैं। इससे पहले उसका सबसे कम स्कोर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 56 रन था।
भारत की पारी शुरू होते ही शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर टीम के इरादे स्पष्ट कर दिए। इस छक्के के साथ शेफाली महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में 3,000 रन पूरे करने वाली भारत की तीसरी खिलाड़ी बनीं। उनसे पहले हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। शेफाली इस मुकाम तक पहुंचने वाली सबसे युवा महिला क्रिकेटर भी बन गईं।
पाकिस्तान की इस करारी हार के बाद उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है। हांगकांग चीन के खिलाफ अप्रत्याशित हार की स्थिति में पाकिस्तान नेट रन रेट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो सकता है।
और पढ़ें: केतन अग्रवाल हत्याकांड में चेतन के दोस्त रितेश गिरफ्तार, पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज