भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता खचंद्र सिंह का ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ अस्पताल में स्टेज-4 लिवर कैंसर से लंबी जंग के बाद निधन हो गया। अंतिम दिनों में उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी।
डॉक्टरों के अनुसार, खचंद्र सिंह को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था और उनकी स्थिति को स्थिर रखने के लिए लगातार रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जा रही थी। बावजूद इसके, उनकी सेहत तेजी से बिगड़ती चली गई और चिकित्सकों की निगरानी में उन्होंने अंतिम सांस ली।
यह दुखद खबर ऐसे समय आई है जब रिंकू सिंह भारतीय टीम के साथ टी20 विश्व कप के लिए बाहर थे। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले उन्हें पिता की बिगड़ती हालत की सूचना मिली, जिसके बाद वह तुरंत टीम का साथ छोड़कर घर लौट आए थे।
और पढ़ें: नेपाल ने T20 वर्ल्ड कप में 12 साल का जीतने का सूखा तोड़ा, स्कॉटलैंड को 7 विकेट से हराया
बताया जा रहा है कि खचंद्र सिंह पिछले कुछ समय से लिवर कैंसर से जूझ रहे थे, लेकिन हाल के दिनों में उनकी तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था।
रिंकू सिंह अपने पिता के बेहद करीब थे और उनके क्रिकेट करियर में परिवार का बड़ा योगदान रहा है। इस दुखद घटना से खेल जगत में भी शोक की लहर है। कई खिलाड़ियों और प्रशंसकों ने संवेदना व्यक्त की है।
और पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया vs श्रीलंका लाइव स्कोर, T20 वर्ल्ड कप 2026: पथुम निसांका की सेंचुरी, श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया