आईपीएल 2026 में गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होने वाले मुकाबले का टॉस अचानक हुई भारी बारिश के कारण देर से हो रहा है। मैच से पहले मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई थी, लेकिन शाम करीब 7 बजे से ठीक पहले मौसम ने अचानक करवट ले ली।
टॉस से कुछ मिनट पहले ही बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते खिलाड़ियों को मैदान छोड़कर वापस ड्रेसिंग रूम में जाना पड़ा। मैदान को तुरंत कवर से ढक दिया गया है। बताया जा रहा है कि करीब 6:50 बजे तक दोनों टीमों के खिलाड़ी हल्का अभ्यास कर रहे थे, लेकिन बारिश तेज होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा।
जैसे-जैसे समय बीतता गया, बारिश और तेज हो गई, जिससे मैच शुरू होने में और देरी की संभावना बढ़ गई है। गौरतलब है कि यह गुवाहाटी में इस सीजन का दूसरा मुकाबला है, जो बारिश से प्रभावित हुआ है। इससे पहले मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच को भी बारिश के कारण 11 ओवर तक सीमित करना पड़ा था।
और पढ़ें: लखनऊ सुपर जायंट्स को झटका, वानिंदु हसरंगा बाहर; जॉर्ज लिंडे टीम में शामिल
मैच के लिए कट-ऑफ समय रात 10:56 बजे तय किया गया है, जिसके बाद कम से कम 5 ओवर का मुकाबला कराया जा सकता है। यदि तब तक खेल शुरू नहीं होता, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक साझा करना होगा।
दोनों टीमें इस सीजन में अब तक अजेय रही हैं। राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन किया है, वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली, रजत पाटीदार और टिम डेविड भी बेहतरीन फॉर्म में हैं।
ऐसे में यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग होने की उम्मीद थी, लेकिन फिलहाल बारिश ने खेल का मजा किरकिरा कर दिया है।
और पढ़ें: कूपर कॉनोल्ली ने IPL 2026 में आक्रामकता से ज्यादा खेल जागरूकता को प्राथमिकता दी