भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 40 रन से हराकर एशिया कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 149 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 109 रन ही बना सकी।
भारत की जीत की नींव शेफाली वर्मा ने रखी। उन्होंने महज 40 गेंदों पर 64 रन की तूफानी पारी खेली और बांग्लादेशी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। शुरुआत में स्मृति मंधाना केवल दो रन बनाकर आउट हो गई थीं, लेकिन शेफाली और प्रतिका रावल ने पारी को संभाला। रावल ने 24 गेंदों पर 20 रन बनाए।
इसके बाद शेफाली को कप्तान हरमनप्रीत कौर और ऋचा घोष का अच्छा साथ मिला। हरमनप्रीत ने 24 रन और ऋचा ने 21 रन बनाए। दीप्ति शर्मा ने भी छह गेंदों पर 13 रन का योगदान दिया। शेफाली को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
और पढ़ें: शेफाली वर्मा के तूफानी अर्धशतक से भारत की शानदार शुरुआत, थाईलैंड को 94 रन से हराया
149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम की शुरुआत धीमी रही। दिलारा अख्तर ने 21 और शोर्ना अख्तर ने नाबाद 22 रन बनाए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर दबाव बनाए रखा।
गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा भारत की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 26 रन देकर तीन विकेट लिए। नंदिनी शर्मा ने दो विकेट हासिल किए। श्री चरणी और प्रेमा रावत को एक-एक सफलता मिली।
जीत के बाद हरमनप्रीत कौर ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताई और कहा कि बल्लेबाजी में साझेदारियां बेहद महत्वपूर्ण रहीं। अब भारत रविवार को दुबई में एशिया कप के फाइनल में खेलेगा। दूसरा सेमीफाइनल शुक्रवार को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होगा।
और पढ़ें: भारत-पाकिस्तान महिला एशिया कप मुकाबला आज, दुबई की पिच पर किसे मिलेगा फायदा?