यूईएफए चैंपियंस लीग 2026-27 का नया सीजन 8 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। यूरोप के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट में दुनिया की कई दिग्गज टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। भारतीय दर्शक इस टूर्नामेंट के मुकाबले टेलीविजन और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के जरिए देख सकेंगे।
नए सीजन का पहला मुकाबला क्लब ब्रुग और एस्टन विला के बीच होगा, जबकि एईके की भिड़ंत एलएएसके से होगी। एस्टन विला के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए क्लब ब्रुग के खिलाफ उसका मुकाबला खास आकर्षण का केंद्र रह सकता है।
पहले दिन मैनचेस्टर सिटी, इंटर मिलान, रियल मैड्रिड और बीवीबी समेत कई बड़ी टीमें भी अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। ऐसे में शुरुआती दौर से ही रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।
और पढ़ें: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने संन्यास को लेकर दिया बड़ा संकेत, कहा- शायद यह मेरा आखिरी साल है
पिछले दो सीजन में पेरिस सेंट-जर्मेन यानी पीएसजी ने शानदार प्रदर्शन किया है। लुई एनरिक की कोचिंग में टीम ने 2024-25 और 2025-26 में चैंपियंस लीग का खिताब जीता। इस बार भी पीएसजी को खिताब का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
पीएसजी को आर्सेनल, बार्सिलोना और बायर्न म्यूनिख जैसी मजबूत टीमों से कड़ी चुनौती मिल सकती है। उस्मान डेम्बेले, ख्विचा क्वारात्सखेलिया और देसिरे डुए जैसे खिलाड़ियों से सजी पीएसजी की आक्रमण पंक्ति पर सभी की नजरें रहेंगी।
यूईएफए चैंपियंस लीग 2026-27 की प्रसारण जानकारी
टूर्नामेंट 8 सितंबर से शुरू होगा और फाइनल 5 जून 2027 को खेला जाएगा। भारत में मुकाबले आमतौर पर रात 10:30 बजे शुरू होंगे, जबकि कुछ मैच रात 12:30 बजे और 1:30 बजे भी शुरू होंगे।
भारत में चैंपियंस लीग का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। ऑनलाइन दर्शक सोनीलिव ऐप और वेबसाइट के जरिए मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे।
और पढ़ें: प्रीमियर लीग में नए सीजन से बदलेंगे कई नियम, समय बर्बादी रोकने और खेल का समय बढ़ाने पर जोर