आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में सफाई कर्मचारी अनिल की चाकू मारकर हत्या के मामले में न्याय और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे विधायक कुलदीप कुमार को दिल्ली पुलिस सादे कपड़ों में उनके घर से हिरासत में लेकर चली गई। पार्टी का दावा है कि विधायक को कहां ले जाया गया, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिली है।
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि मंगलवार तड़के करीब चार बजे लगभग 20 पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में कुलदीप कुमार के घर पहुंचे। इसके बाद वे विधायक को अपने साथ ले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुलदीप कुमार को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है।
कुलदीप कुमार की टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दिल्ली में सफाई कर्मचारी अनिल की चाकू मारकर हत्या के बाद विधायक पिछले दो दिनों से पीड़ित परिवार के लिए न्याय और मुआवजे की मांग कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से पीड़ित परिवार की मुलाकात कराने की मांग भी की थी।
और पढ़ें: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आप पर हमला, बोलीं- पिछली सरकार के घोटालों पर पेस्टीसाइड छिड़क रहे हैं
आप ने आरोप लगाया कि पुलिस विधायक को अपना मोबाइल फोन भी साथ ले जाने की अनुमति नहीं दी। पार्टी के मुताबिक, उनके परिजनों को भी यह नहीं बताया गया कि उन्हें कहां ले जाया गया है।
विधायक की टीम ने यह भी आरोप लगाया कि मृतक सफाई कर्मचारी के परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है और उनकी इच्छा के खिलाफ शव का अंतिम संस्कार कराने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस या दिल्ली सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
बड़े प्रदर्शन का था ऐलान
कुलदीप कुमार सोमवार से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में कुछ लोगों के साथ धरने पर बैठे थे। सफाई कर्मचारी की मौत के विरोध में मंगलवार सुबह नौ बजे बड़े धरने का ऐलान किया गया था। विधायक ने इसके लिए एक वीडियो संदेश भी जारी किया था।
आप का कहना है कि प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले ही दिल्ली पुलिस ने कुलदीप कुमार को उनके घर से हिरासत में ले लिया और पार्टी तथा उनके परिवार को उनके ठिकाने की जानकारी नहीं दी गई।
और पढ़ें: पेपर लीक पर आप पर बरसे मनजिंदर सिंह सिरसा, बोले- अब पंजाब के शिक्षा मंत्री कब देंगे इस्तीफा?