बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने शनिवार देर रात इस संबंध में अधिसूचना जारी की। तबादले के तहत कई जिलों के उप विकास आयुक्त यानी डीडीसी, अनुमंडल पदाधिकारी यानी एसडीओ और नगर आयुक्त बदले गए हैं।
तबादला किए गए अधिकारियों में 2022, 2023 और 2024 बैच के आईएएस अधिकारी शामिल हैं। इस फेरबदल में कशिश बक्शी को पटना सिटी का नया एसडीओ बनाया गया है, जबकि कृष्णा जोशी को बाढ़ का अनुमंडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
नई जिम्मेदारियों के तहत श्रेया श्री को खगड़िया जिला परिषद का डीडीसी-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है। गरिमा लोहिया को बाढ़ एसडीओ के पद से हटाकर दरभंगा नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। अनिरुद्ध पाण्डेय को दानापुर एसडीओ से हटाकर पूर्णिया नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है।
और पढ़ें: बिरयानी कैफे में अल्फाहम खाने के बाद महिला बीमार, केरल उपभोक्ता आयोग ने दिलाया 96,500 रुपये मुआवजा
तुषार कुमार को पूर्णिया एसडीओ से हटाकर मधुबनी जिला परिषद का डीडीसी, प्रधुम्न सिंह यादव को कटिहार एसडीओ से हटाकर खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय का निदेशक बनाया गया है। आकांक्षा आनंद को मुजफ्फरपुर पश्चिमी एसडीओ से हटाकर सासाराम डीडीसी और अंजली शर्मा को अरेराज एसडीओ से हटाकर समाज कल्याण विभाग में निदेशक, निःशक्तता बनाया गया है।
रोहित कर्दम को कैमूर डीडीसी, शिप्रा विजय कुमार चौधरी को जमुई डीडीसी और डॉ. नेहा कुमारी को कटिहार डीडीसी की जिम्मेदारी मिली है। कृष्ण चन्द्र गुप्ता को मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में महानिरीक्षक बनाया गया है।
प्रशिक्षण पूरा करने वाले 2024 बैच के अधिकारियों को भी विभिन्न अनुमंडलों में एसडीओ की जिम्मेदारी दी गई है। विरूपाक्ष विक्रम सिंह को दानापुर, प्रिया रानी को सासाराम, कृष्णा जोशी को बाढ़, प्रेम कुमार को हवेली खड़गपुर, सैयद आदिल मोहसिन को मढ़ौरा और अजय यादव को बलिया, बेगूसराय का एसडीओ बनाया गया है।
इसके अलावा सूरज कुमार को कटिहार, विग्नेश टी.ए. को पूर्णिया, जतिन कुमार को शेरघाटी, गया, के. परीक्षित को नौगछिया और महेश कुमार को तारापुर, मुंगेर का एसडीओ बनाया गया है।
सरकार ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को जल्द अपने नए पद पर योगदान देने का निर्देश दिया है। इससे पहले 18 अगस्त को बिहार सरकार ने 17 आईपीएस अधिकारियों का भी तबादला किया था, जिसमें भोजपुर और सीवान के पुलिस अधीक्षक भी बदले गए थे।
और पढ़ें: अमेरिका में भारतीय मूल के 56 वर्षीय सुरेश पटेल की गोली मारकर हत्या, बेटी के सामने वारदात; आरोपी फरार