ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में एक दंपति और उनके तीन बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने तीन रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह नगला पदम गांव स्थित घर में महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटी मिष्टी (7) और दो बेटे साक्षात (11) तथा रियांश (3) मृत पाए गए थे।
रबूपुरा के थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में महेश की बड़ी बहन सुनीता (45), बहनोई शेखर उर्फ चंद्रशेखर (50) और छोटी बहन सपना (32) शामिल हैं। ललिता के भाई की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, महेश ने मौत से पहले अपने मोबाइल फोन पर एक वॉयस नोट रिकॉर्ड किया था। इसमें कथित तौर पर उसने तीनों आरोपियों को परिवार की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
और पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे बस हादसा: चालक ने यात्रियों की चेतावनी नहीं मानी, FIR में लापरवाही का आरोप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संपत्ति विवाद इस घटना की वजह हो सकता है। पुलिस के अनुसार, सुनीता ने कथित तौर पर अपनी मां चंद्रावती को उस मकान को अपने नाम कराने के लिए प्रभावित किया था, जिसमें महेश अपनी मां के साथ रहता था। मकान के हस्तांतरण की जानकारी मिलने के बाद महेश परेशान था।
पुलिस ने बताया कि घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में किसी बाहरी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश करते नहीं देखा गया है।
पांचों शवों का पोस्टमार्टम वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ कराया गया। रिपोर्ट में जहर दिए जाने के संभावित संकेत मिले हैं। इसके बाद विसरा के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। मौत का सटीक कारण रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
जांच के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया था। शुरुआती आशंका भोजन में विषाक्तता की भी जताई गई थी। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि परिवार ने मौत से पहले नूडल्स खाए थे।
पुलिस ने ललिता के भाई की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। शेखर और सुनीता दिल्ली के शालीमार बाग में, जबकि सपना खेड़ा कलां में रहती है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है।
और पढ़ें: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बेकाबू थार ने स्कूटी सवार दंपति को कुचला, पति की मौत